हरियाणा के हिसार में दूसरी शादी कर जीवन संवरने का सपना संजोए ससुराल आई महिला की दर्दनाक मौत हो गई। महिला करीब एक महीने से अस्पताल में दाखिल थी और उसे आंखों से दिखना भी बंद हो गया था। उसकी मां को मौत के बाद पता चला कि बेटी गर्भवती भी थी। पति ने ये बात उनसे छिपाई। मां का आरोप है कि बेटी के दूसरे पति ने उसे जहर देकर उसकी हत्या की है। पुलिस ने थाना सदर हिसार में केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। सिरसा के गांव ढाणी तेजा सिंह की रहने वाली बीरमती ने बताया कि दो दो शादी करने के बाद भी उसकी बेटी का जीवन नहीं संवरा। उसने बताया कि बेटी कोमल ने साल 2018-19 में अपनी मर्जी से भिवानी के रहने वाले राजेश के साथ मंदिर में प्रेम विवाह किया था। रिश्ता न चलने पर वह एक महीने बाद ही मायके आ गई। इसके बाद से वह उनके पास ही रह रही थी। अब 8 अक्टूबर 2025 को कोमल की दूसरी शादी बहबलपुर (हिसार) निवासी सत्यवान के साथ हुई। अतीत को लेकर दिए ताने, किया प्रताड़ित बीरमती का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही सत्यवान ने पत्नी कोमल को उसके अतीत (पिछली शादी) को लेकर ताने देने शुरू कर दिए और दहेज में मोटरसाइकिल व नकदी की मांग को लेकर शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगा। सत्यवान भी पहले कर चुका था 2 शादी परिजनों का आरोप है कि जब दहेज की मांग पूरी नहीं हुई, तो पति सत्यवान ने कोमल को खाने में कोई जहरीला पदार्थ दे दिया। मृतका कोमल 7 सप्ताह की गर्भवती थी। उसकी मौत के साथ ही कोख में पल रहे मासूम की भी जान चली गई। मां बीरमती ने यह भी खुलासा किया कि सत्यवान ने अपनी पिछली शादियों के बारे में झूठ बोला था। उसने बताया था कि उसकी एक शादी हुई है, जबकि बाद में पता चला कि वह पहले से दो बार शादीशुदा था। एक नवंबर को तबीयत बिगड़ी
1 नवंबर को कोमल की तबीयत बिगड़ने पर उसे सिरसा लाया गया, जहां उसने बताया कि उसे दिखाई देना बंद हो गया है। बाद में उसे हिसार के लाइफ लाइन अस्पताल और फिर सिरसा के मान अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसकी मौत हो गई। मृतका की मां बीरमती की शिकायत पर पुलिस ने पति सत्यवान के खिलाफ हत्या और दहेज उत्पीड़न सहित भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मेडिकल रिपोर्ट में जहर की पुष्टि
बीरमति के अनुसार मेडिकल रिपोर्ट्स में जहर की पुष्टि हुई थी। कुछ समय के सुधार के बाद 20 दिसंबर को कोमल की हालत फिर से अचानक बिगड़ गई और 21 दिसंबर की सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। डॉक्टरों के अनुसार, मौत का कारण ब्रेन डैमेज होना बताया गया है। हिसार सदर थाना पुलिस ने मृतका की मां के बयानों के आधार पर पति सत्यवान के खिलाफ बीएनएस की धारा 80, 85, 90, 91 और 123 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। एएसआई सुनीता ने बताया कि पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
हिसार में महिला की तड़प कर मौत, गर्भवती थी:एक महीने चली लव-मैरिज; दूसरी शादी को हुए थे 3 महीने, शरीर में मिला जहर
