गुरुग्राम के पॉश इलाके गोल्फ कोर्स रोड के एक शराब ठेके पर गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। जहां एक युवक ने मुफ्त शराब न मिलने पर सेल्समैन की बेरहमी से पिटाई कर दी। यह घटना सेक्टर 53-54 स्थित गोल्फ कोर्स रोड पर जी टाउन शराब ठेके पर हुई, जो इलाके का जाना-माना ठेका है। जानकारी के अनुसार रविवार अलसुबह चार बजे फोरच्यूूनर कार में सवार होकर दो युवक आए। इसमें एक युवक की पहचान रोनिक यादव के रूप में हुई और वह किसी क्लब से लौट रहा था। ठेका अभी बंद था, लेकिन उसने सेल्समैन से मुफ्त में शराब मांगी। सेल्समैन ने मना कर दिया तो युवक गुस्से में आ गया और धमकी देते हुए बोला, “सुबह देखूंगा तुम्हें।” सोते सेल्समैन को उठाकर मारे थप्पड़ इसके बाद वह सुबह साढ़े सात बजे वापस लौटा। इस बार ठेका खुलने से पहले ही वह पहुंच गया। सेल्समैन विपिन सिंह राजावत सो रहा था। युवक ने उसे जबरन उठाया और ताबड़तोड़ थप्पड़ मारना शुरू कर दिया। पूरी घटना ठेके के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और लोगों में आक्रोश फैल रहा है। मना करने पर देता है धमकियां विपिन सिंह राजावत ने बताया कि वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के गांव दरियापुर का निवासी है और काफी समय से ठेके पर बतौर सेल्समैन काम करता है। रोनिक यादव काफी समय से ठेके पर आकर फ्री में शराब की मांग करता रहा है। जब मना किया जाता तो धमकियां देता था। इस घटना से पहले भी उसकी ऐसी हरकतें हो चुकी हैं, लेकिन इस बार उसने हद पार कर दी। मारपीट की घटना सीसीटीवी में कैद सेल्समैन ने बताया कि वह डर के मारे चुप रहता था, लेकिन अब उसने पुलिस में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। गुरुग्राम में पिछले कुछ समय से शराब ठेकों पर ऐसी घटनाएं बढ़ी हैं। कभी डिस्काउंट न मिलने पर, कभी फ्री शराब की मांग पर स्टाफ के साथ मारपीट की जानकारी सामने आती रही हैं। पॉश इलाकों में भी कानून-व्यवस्था की ऐसी चुनौतियां चिंता का विषय बनी हुई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे मामलों में पुलिस को सख्ती बरतनी चाहिए ताकि ठेके के कर्मचारी सुरक्षित महसूस करें। पुलिस मामले की जांच कर रही पुलिस मामले की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि यह मामला गुंडागर्दी और मारपीट का है, जिसमें आरोपी पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गुरुग्राम में फोरच्यूनर सवार युवकों ने ठेका सेल्समैन पीटा,VIDEO:गोल्फ कोर्स रोड पर तड़के 4 बजे मांगी ‘फ्री शराब’; इनकार करने पर मारे थप्पड़
