गुरुग्राम जिले में साजिश के तहत ब्लड सैंपल लेने आए युवक की न्यूड वीडियो बनाकर ब्लैकमेल और झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर 1.63 हजार रुपए ऐंठने का मामला सामने आया है। यह युवक ब्लड सैंपल लेने के लिए महिला के फ्लैट पर गया था। जहां महिला और उसके दो साथियों ने उसके साथ मारपीट की और पांच लाख की डिमांड की। पीड़ित ने इसकी शिकायत सेक्टर 37 थाने में दी। जिसके बाद पुलिस एक्टिव हुई और युवक द्वारा बताए गए फ्लैट पर पहुंची। जहां पुलिस को पता चला कि ज्योति नाम की महिला इस फ्लैट में रहती है। पुलिस ने ट्रैप लगाकर सती चौक से ज्योति के दो साथियों को अरेस्ट किया। उनसे पूछताछ के बाद ज्योति भी पुलिस की गिरफ्त में आ गई। आरोपियों की पहचान थाना सैक्टर-37 पुलिस टीम ने सती चौक से हरीश यादव उर्फ मोनू निवासी गांव काहनावास जिला अलवर राजस्थान व श्याम सुंदर उर्फ अशोक निवासी गांव खैरोली जिला महेंद्रगढ़ के रूप में हुई। आरोपी ज्योति गांव ताजनगर जिला गुरुग्राम की रहने वाली है। पूछताछ के बाद उसे भी पुलिस ने अरेस्ट कर लिया। तीनों की उम्र लगभग 24 वर्ष है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक लाख 63 हजार रुपए, वारदात में प्रयोग की गई 01 स्कॉर्पियो गाड़ी व 04 मोबाइल बरामद किए हैं। लैब में काम करता है युवक पीड़ित युवक ने 6 मार्च को सेक्टर 37 थाने में शिकायत दी, कि वह सेक्टर-83 स्थित एक लैब में काम करता है। 25 फरवरी 2026 को यह AVL 36 सोसाइटी मोहम्मदपुर में ज्योति नामक महिला का ब्लड सैंपल लेने गया था। उस महिला ने ब्लड रिपोर्ट के लिए इसके मोबाइल नंबर ले लिए थे। हनी ट्रैप में फंसाकर दोबारा सैंपल लेने बुलाया पीड़ित ने बताया कि इसके बाद उनके बीच आपस में बात होने लगी तथा ज्योति मिलने की कहने लगी। दो मार्च को यह फिर से ज्योति का ब्लड सैंपल लेने गया। फ्लैट में जाने के कुछ समय बाद ज्योति ने फ्लैट का दरवाजा खोलकर छोड़ दिया, तभी वहां पर दो व्यक्ति आए। मारपीट कर न्यूज वीडियो बनाया दोनों लोगों ने उसके साथ मारपीट करते हुए कपड़े उतार दिए और न्यूड वीडियो बना ली। आरोपियों ने उसे ब्लैकमेल करके इससे रुपए ट्रांसफर करवा लिए तथा झूठ रेप केस में फंसाने की धमकी देने लगे। उन्होंने पीड़ित से पांच लाख रुपए की डिमांड की। स्कॉर्पियो में बैठा कर ले गए इसके बाद वे पीड़ित को स्कॉर्पियो गाड़ी में लेकर गए। उस दिन के बाद से आरोपी फोन करके लगातार उस पर रुपए का दबाव बना रहे थे। रुपए नहीं देने पर उसकी न्यूड वीडियो वायरल करने की धमकी दे रहे थे। जिस पर पीड़ित ने अपने एक परिचित को घटना से अवगत कराया और उसे साथ लेकर सेक्टर 37 थाने पहुंचा। इंस्टाग्राम से आरोपियों में दोस्ती पुलिस पूछताछ में पता चला कि तीनों आरोपियों की जान पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी। इसके बाद इन्होंने पैसे कमाने के लिए एक साजिश के तहत योजना बनाई तथा युवक के साथ वारदात को अंजाम दिया। तीन आरोपी अरेस्ट इस बारे में पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि युवक का न्यूड वीडियो बनाने, मारपीट और ब्लैकमेल करने के मामले में तीन आरोपियों को अरेस्ट कर लिया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई की और शिकायत मिलते ही आरोपियों तक पहुंच गई। मामले की गहनता से जांच कर रही है।
गुरुग्राम में युवक का न्यूड वीडियो बनाकर पीटा:ब्लड सैंपल लेने वाले को हनीट्रैप में फंसाया; फ्लैट पर बुलाकर मांगे ₹5 लाख
