गुरुग्राम में स्विफ्ट ने बुजुर्ग महिला को कुचला:10 फीट उछलकर बोनट पर गिरी; तेज रफ्तार कार आगे पेड़ से टकराई

Spread the love

गुरुग्राम में गैरत पुर बास गांव में महिला को कुचलते हुए पेड़ में टक्कर मारने वाली स्विफ्ट कार का वीडियो सामने आया है। जिसमें कार 100 किमी प्रति घंटे से भी ज्यादा रफ्तार से दौड़ती नजर आ रही है। तेज रफ्तार कार से पहले एक दूधिया बचा और उसके बाद बाइक सवार बुजुर्ग चपेट में आने से बचा। इसके बाद कार ने 65 साल की महिला भतेरी देवी को टक्कर मारी। टक्कर लगते ही महिला 10 फीट ऊपर उछली और कार के बोनट पर गिर पड़ी। कार उसे कुचलती हुई निकल गई और सामने एक पेड़ में टक्कर मार दी। पुलिस को दी शिकायत में गैरत पुर बास के रहने वाले दिलीप ने बताया कि वह दिल्ली ट्रांसपोर्ट में काम करता है। 5 जनवरी 2025 को शाम करीब 4:35 बजे तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाई जा रही मारुति स्विफ्ट कार (नंबर HR26EG6195) ने सड़क किनारे खड़ी बुजुर्ग महिला भतेरी देवी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला को गंभीर चोटें आईं और कार अनियंत्रित होकर पास के नीम के पेड़ से जा टकराई। मृतका भतेरी देवी की उम्र करीब 65-70 वर्ष बताई जा रही है। वे अपने पति करण सिंह (70 वर्ष) और परिवार के साथ गैरतपुर बास गांव में रहती थीं। हादसे के समय भतेरी देवी सड़क किनारे खड़ी थी। गंभीर चोट के कारण मौत बेटा दलीप सिंह ड्यूटी से लौटकर घर आ रहा था और खेत के गेट के पास रुका हुआ था। तभी अटकली गांव की ओर से आ रही स्विफ्ट कार ने अचानक भतेरी देवी को टक्कर मार दी। परिवार वालों ने तुरंत भतेरी देवी को प्राइवेट कार से सेक्टर-47 स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चोटें सिर, छाती, पेट और अन्य हिस्सों में गंभीर थीं, साथ ही कई फ्रैक्चर और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण मौत हुई। कार ड्राइवर को भी चोट आईं पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया गया। कार चालक की पहचान गांव के ही निवासी 18 वर्षीय समीर खान के रूप में हुई है। समीर कार में अकेला था और हादसे में वह भी घायल हो गया। उसे छाती और सिर में चोटें आईं और वह अस्पताल में भर्ती है। तेज रफ्तार कार का सीसीटीवी आया सामने तेज रफ्तार दौड़ रही का सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद लोगों में गुस्सा है। वीडियो में कार की रफ्तार और लापरवाही साफ दिख रही है। पुलिस ने समीर के खिलाफ बादशाहपुर थाने में लापरवाही से वाहन चलाकर टक्कर मारना और संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। गांव में हादसे के बाद माहौल गमगीन गांव में हादसे के बाद माहौल गमगीन है। ग्रामीणों ने सड़क सुरक्षा की मांग की है, क्योंकि इलाके में तेज रफ्तार वाहनों का खतरा बढ़ता जा रहा है। परिवार में कोहराम मचा हुआ है। भतेरी देवी के बेटे दलीप सिंह ने बताया कि उनकी मां घरेलू महिला थीं और परिवार की देखभाल करती थीं। हादसे ने पूरे परिवार को तोड़ दिया है। गांव वाले न्याय की मांग कर रहे हैं ताकि दोषी को सजा मिले। वाहन चलाते समय सावधानी बरतने की अपील पुलिस प्रवक्ता संदीप तुरान ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। कार को जब्त कर लिया गया है। चालक के ठीक होने के बाद उससे पूछताछ की जाएगी। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही मुख्य कारण लग रहे हैं। लोगों से अपील है कि वाहन चलाते समय सावधानी बरतें और स्पीड लिमिट का ध्यान रखें।