गुरुग्राम में सिधरावली स्थित इंडियन ऑयल के पेट्रोल पंप पर शनिवार देर रात एक हादसे में पंप मैनेजर की मौत हो गई। पेट्रोल पंप पर एक प्राइवेट बस टर्न ले रही थी, उसी दौरान बस उसके ऊपर चढ़ गई। हादसे में गंभीर रूप से जख्मी मैनेजर को पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक मैनेजर की पहचान रेवाड़ी जिले के काठुवास गांव निवासी 47 वर्षीय विनेश के रूप में हुई है। घटना रात करीब 11 बजे की है। विनेश ड्यूटी पर थे जब एक प्राइवेट बस पेट्रोल पंप पर पहुंची। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस ड्राइवर ने अचानक से विनेश के ऊपर बस चढ़ा दी। बस उनकी जांघों के ऊपरी हिस्से से होते निकल गई। डॉक्टरों ने मृत घोषित किया हादसे में विनेश बुरी तरह घायल हो गए और मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े। पेट्रोल पंप के अन्य कर्मचारियों और आसपास के लोगों ने तुरंत उन्हें बाहर निकाला और नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने गंभीर चोटों और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उन्हें मृत घोषित कर दिया। उसके शरीर के बीच वाले हिस्से पर गहरी चोट मिली है और पेट भी कुचला हुआ है। परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य सूचना मिलने पर बिलासपुर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव काे पोस्टमॉर्टम हाउस भिजवाया। विनेश परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे। घटना के बाद से गांव में शोक का माहौल। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद से सहकर्मियों में भी शोक बना हुआ है। पुलिस ने बस ड्राइवर के खिलाफ लापरवाही वाहन चलाने और मौत की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस जांच कर रही है जांच अधिकारी रमेश पूनिया ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है। बस को जब्त कर लिया गया है, जबकि ड्राइवर मौके से फरार हो गया। उन्होंने बताया कि ड्राइवर को गिरफ्तार करने और पूछताछ के बाद ही पता चल सकेगा कि पंप मैनेजर पर बस चढ़ने की क्या वजह रही।
गुरुग्राम में पेट्रोल पंप मैनेजर को बस ने कुचला:गाड़ी को मोड़ते वक्त हादसा, रेवाड़ी का रहने वाला था मृतक
