गुरुग्राम के पॉश इलाके गोल्फ कोर्स रोड की गैलरिया मार्केट में एक कार का शीशा तोड़कर सामान चोरी की घटना सामने आई है। शाम को तीन युवकों की कार से चोरों ने पिछली सीट की खिड़की तोड़कर तीन बैग चुरा लिए, जिनमें तीन लैपटॉप, एक आईफोन-12, नकदी और महत्वपूर्ण दस्तावेज शामिल थे। पुलिस रिपोर्ट में चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब 2.66 लाख रुपए आंकी गई है। हालांकि शिकायतकर्ता का कहना है कि उनके चोरी हुए सामान की कीमत पांच लाख रुपए तक है। युवकों ने सेक्टर-29 पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। मोमोज खाने मार्केट गए थे पीड़ित कुलदीप ने बताया कि वह दिल्ली के उत्तम नगर स्थित मोहन गार्डन के रहने वाला है और गुरुग्राम के सेक्टर-43 में गोल्फ कोर्स रोड पर स्थित विपुल टेक स्क्वायर में केयर हेल्थ इंश्योरेंस प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में कार्यरत हैं। उनके साथ उनके दो सहकर्मी सचिन शर्मा और जसप्रीत सिंह भाटिया तीनों ऑफिस से निकलकर शाम करीब 8:15 बजे कार से गैलरिया मार्केट पहुंचे थे। वापस लौटे तो शीशा टूटा मिला मार्केट में घूमने और खाने-पीने के बाद करीब 9:30 बजे जब वे कार के पास लौटे तो देखा कि कार की बायीं पिछली खिड़की का शीशा टूटा हुआ था और कांच बिखरे पड़े थे। पहले तो उन्होंने सोचा की शायद किसी गाड़ी ने टक्कर मार दी होगी, लेकिन जब अंदर देखा तो तीनों के बैग गायब मिले। ये सामान चोरी हुआ सचिन शर्मा का डेल लैपटॉप कार बाहर पार्क की थी पीड़ितों ने बताया कि वे मार्केट में करीब डेढ़ घंटे रहे और कार बाहर पार्क की थी। इस दौरान चोरों ने मौका पाकर वारदात को अंजाम दिया। कुलदीप ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि सभी सामान उनके बैग में रखा था और यह उनकी मेहनत की कमाई है। उन्होंने पुलिस से जल्द चोरों को पकड़ने और सामान बरामद करने की मांग की है। चोरी की घटनाएं कम नहीं हो रही गुरुग्राम में ऐसी चोरी की घटनाएं आम हो चुकी हैं। मार्केट्स, मॉल्स और व्यस्त इलाकों में पार्क की गई कारों को ठक-ठक गिरोह निशाना बनाते हैं, जो शीशा तोड़कर बैग या कीमती सामान चुरा लेते हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि लोगों को कार में कीमती सामान छोड़कर नहीं जाना चाहिए और पार्किंग के दौरान सतर्क रहना चाहिए। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने की बात कही है, लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है।
गुरुग्राम में कार का शीशा तोड़कर लैपटॉप और आईफोन चुराया:मोमोज खाने गए थे MNC के IT इंजीनियर; पॉश इलाके गैलरिया मार्केट की घटना
