हरियाणा की साइबर सिटी गुरुग्राम के राजीव नगर इलाके में 12 मार्च को हुई लूट की वारदात का एक सीसीटीवी (CCTV) फुटेज सामने आया है। इसमें साफ दिख रहा है कि तीन युवकों ने एक राहगीर को घेरा, उसकी गर्कदन दबोची और उससे आईफोन छीन लिया। युवक बेहोश होकर रोड पर गिर पड़ता है। युवक उसका पर्स भी निकाल ले जाते हैं। पुलिस ने इसमें तीन नाबालिगों को पकड़ा है। गुरुग्राम में सेक्टर-14 थाना पुलिस को दी शिकायत में युवक ने बताया कि वह अपनी ड्यूटी खत्म करके घर राजीव नगर लौट रहा था। वह पैदल जा रहा था, इसी दौरान रास्ते में तीन लड़कों ने उससे रास्ता पूछा। जब उसने मना किया तो एक युवक ने पीछे से आकर उसकी गर्दन पकड़ ली और जबरन जेब से आईफोन, पर्स लूट लिया। तीनों आरोपी नाबालिग निकले उसने विरोध करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी उसकी गर्दन के पिछले हिस्से में चोट मारकर भाग गए। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए तीन नाबालिगों को पकड़ा है। इन आरोपियों की उम्र 18 वर्ष से कम है, इसलिए उन्हें बाल न्याय अधिनियम के तहत जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के सामने पेश किया गया। आरोपियों से लूट का सामान बरामद इस बारे में पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार का कहना है कि आरोपियों के कब्जे से लूट का सामान बरामद कर लिया गया है। इसमें एक आईफोन, 400 रुपए नकद, आधार कार्ड और पैन कार्ड शामिल हैं। पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। संदिग्ध गतिविधियां देखकर पुलिस को सूचना दें आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि वे इलाके में पहले भी छोटी-मोटी वारदातें कर चुके हैं। नियमानुसार आगामी कार्रवाई की गई है। आमजन से अपील की है कि संदिग्ध गतिविधियां देखकर तुरंत सूचना दें। फिलहाल उन्हें बाल सुधार गृह भेजा गया है।
गुरुग्राम में युवक की गर्दन दबोचकर आईफोन छीना, VIDEO:बेसुध होकर रोड पर गिरा; 4 दिन बाद CCTV फुटेज सामने आई, 3 नाबालिग पकड़े
