गुरुग्राम में पॉश इलाके डीएलएफ-3 में बाइक चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही है। ताजा घटना यू ब्लॉक में रात साढ़े नौ बजे सामने आई। जब एक चोर एक मिनट के अंदर सुरक्षित खड़ी बाइक का लॉक तोड़कर उसे ले गया। चोरी की यह घटना घर में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। पीड़ित बाइक मालिक की शिकायत डीएलएफ फेस 3 थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है और सीसीटीवी के आधार पर चोर की तलाश की जा रही है, लेकिन जिस तरह से बाइक चोरी हुई है, उससे आसपास रहने वाले लोगों में वाहन चोरी का भय बना हुआ है। लॉक करके खड़ी की थी बाइक पुलिस को दी शिकायत में डीएलएफ फेज-3 निवासी अर्जुन सिंह ने शिकायत दर्ज कराई कि उनकी हीरो स्प्लेंडर+ मोटरसाइकिल घर के बाहर खड़ी की थी। उसके पास ही एक और बाइक और कार खड़ी थी। 9 जनवरी की रात 9 बजे वह बाइक खड़ी करके अपने घर पर मौजूद थे। सुबह देखा तो गायब थी स्प्लेंडर इसी दौरान उनकी ब्लैक-ग्रे रंग की हीरो स्प्लेंडर+ बाइक किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा चुरा ली गई।सुबह जब वह बाहर निकला तो उसकी बाइक नहीं थी। उसने आसपास देखा और पड़ोसियों से पूछा तो किसी ने भी बाइक के बारे में जानकारी नहीं दी। इसके बाद उसने घर के बाहर लगे सीसीटीवी चैक किए तो ये देखकर हैरान हो गया कि एक मिनट के अंदर ही एक युवक उसकी बाइक चोरी करके ले गया। जबकि उसने बाइक को अच्छे से लॉक किया था। सीसीटीवी पुलिस को सौंपी चोरी की यह घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में एक युवक स्पष्ट रूप से बाइक चुराते और उसे लेकर तेजी से भागते दिखाई दे रहा है। अर्जुन सिंह ने सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंप कर मांग की है कि फुटेज के आधार पर चोर की तलाश तेज की जाए और उनकी बाइक जल्द बरामद की जाए। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जांच शुरू कर दी है। डीएलएफ फेज-3 और आसपास के इलाकों में पिछले कुछ समय से दोपहिया वाहनों की चोरी की घटनाएं बढ़ी हैं, जिससे निवासी काफी चिंतित हैं। अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच की जा रही है और संदिग्ध युवक की पहचान बनाने के प्रयास जारी हैं। गाड़ियों को सुरक्षित खड़ा करने की सलाह पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी को इस युवक या चोरी हुई बाइक के बारे में कोई जानकारी हो तो तुरंत नजदीकी थाने में सूचना दें। साथ ही, वाहन मालिकों को सलाह दी गई है कि वे अपनी गाड़ियों को सुरक्षित स्थान पर पार्क करें, मजबूत लॉक का इस्तेमाल करें और घर-मोहल्ले में सीसीटीवी सिस्टम लगवाएं।
गुरुग्राम में एक मिनट में बाइक ले उड़ा चोर,VIDEO:डीएलएफ-3 में घर के बाहर खड़ी की थी; सीसीटीवी में ले जाता दिखा युवक
