यूपी के फतेहपुर में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो गाड़ी अनियंत्रित होकर हाइवे किनारे तालाब में पलट गई। कार में सवार 9 में से 4 लोगों की तालाब में डूबकर मौत हो गई, जबकि 5 गंभीर रूप से घायल हैं। सभी 9 सवार प्रयागराज के रहने वाले हैं। एक दोस्त की शादी में शामिल होने के लिए मंगलवार को कानपुर आए थे। बुधवार सुबह प्रयागराज लौटते समय हादसा हो गया। दिल्ली-हावड़ा हाइवे पर कार के टायर ब्लास्ट होने की वजह से यह हादसा हुआ। टायर फटने की वजह से तेज रफ्तार में दौड़ रही स्कार्पियो अनियंत्रित हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गाड़ी 7 बार गुलाटियां खाते हुए हाइवे किनारे तालाब में पलट गई। तालाब में गिरने के साथ गाड़ी करीब 8 मीटर गहरे पानी में समा गई। लोगों ने पुलिस को सूचित करने के साथ ही गाड़ी को निकलवाने का प्रयास शुरू किया। 5 लोगों को जीवित निकाल लिया गया। जबकि पानी में दम घुंटने से चार लोगों की मौत हो गई। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद गाड़ी को भी तालाब से बाहर निकाल लिया गया। घटना कल्याणपुर थाना क्षेत्र के बड़ौरी टोल प्लाजा के पास बुधवार तड़के साढ़े चार बजे की है। घटनास्थल फतेहपुर जिला मुख्यालय से करीब 35 किलोमीटर दूर है। हादसे की 3 तस्वीरें देखिए… अब पूरा मामला विस्तार से पढ़िए… प्रयागराज के खुल्लाबाद सब्जी मंडी के रहने वाले 9 दोस्त मंगलवार की शाम करीब 7 बजे स्कॉर्पियो कार से अपने दोस्त गौतम पाल की शादी में शामिल होने के लिए कानपुर आए थे। सभी लोगों ने मोती झील के वाल्मीकि आश्रम धर्मशाला में दोस्त की शादी अटेंड की और मध्य रात्रि के बाद प्रयागराज के लिए निकलने का निर्णय लिया। बुधवार तड़के करीब 3 बजे स्कार्पियो गाड़ी से 9 लोग प्रयागराज के लिए निकले। करीब 4:30 बजे फतेहपुर में दिल्ली-हावड़ा हाइवे पर कल्याणपुर थाना क्षेत्र के बड़ौरी टोल प्लाजा को क्रॉस करते हुए 300 मीटर ही आगे बढ़े थे कि अचानक से गाड़ी का टायर ब्लास्ट हो गया। टायर फटने से तेज रफ्तार से चल रही गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। पलटी खाते हुए स्कार्पियो हाइवे किनारे एक तालाब में जा गिरी। तालाब में गिरने के बाद स्कार्पियो डूबने लगी। प्रत्यक्षदर्शियों ने तत्परता दिखाते हुए युवकों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। पुलिस को भी सूचना दी। कार में फंसे 5 युवकों को लोगों ने रस्सी के सहारे बाहर निकाल लिया। लेकिन तबतक गाड़ी गहरे पानी में समा गई और 4 लोग गाड़ी में ही फंसकर डूब गए। गहरे पानी में दम घुंटने से चारों युवकों की मौत हो गई। मौके पर पहुंची कल्याणपुर पुलिस ने क्रेन मंगवाया। क्रेन से स्कार्पियो को बाहर निकाला गया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद सुबह करीब 6 बजे गाड़ी को बाहर निकाला गया। गाड़ी में फंसे चारों युवकों को पीएचसी गोपालगंज पहुंचाया गया। डॉक्टर्स ने चार युवकों को मृत घोषित कर दिया। जबकि लोगों की सहायता से निकाले गए पांच युवकों को कानपुर रेफर कर दिया गया है। मृतकों की पहचान प्रयागराज के रहने वाले साहिल गुप्ता (26), शिवम साहू (28), रितेश सोनकर उर्फ ननकी (28) और राहुल केसरवानी (25) के रूप में हुई है। वहीं घायलों में कार का चालक राहुल कुमार, महेश कुमार, अमित, सुमित और नीरज शामिल है। 10 मिनट पहले उतरकर चेक किया था टायर
कार के चालक राहुल कुमार ने बताया- हम लोग जैसे ही फतेहपुर पहुंचे, कार डगमगा रही थी। मुझे लगा कि टायर में हवा कम है। हादसे से 10 मिनट पहले ही बड़ौरी टोल प्लाजा से पहले कार से उतारकर टायर चेक किये थे। सब ठीक लगा तो आगे बढ़ गए। टोल प्लाजा से 300 मीटर ही आगे आए थे कि टायर ब्लास्ट कर गया। कार अनियंत्रित होकर पलट गई। पुलिस ने परिजनों को दी सूचना
बिन्दकी डीएसपी प्रगति यादव ने बताया- शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। घायलों को कानपुर के लिए रेफर किया गया है। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। परिजनों के आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
———————————————- ये खबर भी पढ़िए… मामा के लड़के का गला काटकर शव के पास बैठा:नहाकर माथे पर तिलक लगाया; अलीगढ़ में परिजन बोले- तंत्र-मंत्र में नरबलि दी अलीगढ़ में एक युवक ने मंगलवार सुबह अपने 32 साल के ममेरे भाई की हत्या कर दी। उसने भाई के सीने में दो गोली मारी। इसके बाद फरसे से उसकी गर्दन काट दी। परिजन बेटे को खोजते हुए मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि युवक का शव चारपाई पर पड़ा हुआ था और आरोपी नहा धोकर शव के पास बैठा था। उसने अपने माथे पर तिलक लगा रखा था। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात के बाद आरोपी भागा नहीं था। गुमसुम बैठा था। मृतक युवक के परिजनों का आरोप है कि उनके रिश्तेदार ने नरबलि दी है। घटना हरदुआगंज थाना क्षेत्र के गांव रहासोपुर की है। पढ़िए पूरी खबर…
फतेहपुर में स्कॉर्पियो 7 गुलाटियां खाकर तालाब में गिरी:4 दोस्तों की मौत, 5 गंभीर घायल, कानपुर में शादी समारोह से लौट रहे थे प्रयागराज
