फतेहाबाद जिले के भूना क्षेत्र के गांव निवासी युवती की शादी के ऐन मौके पर बारात नहीं पहुंची। दुल्हन और उनके परिवार के लोग बारात आने का इंतजार करते रहे। मगर दूल्हे पक्ष ने बहाना बनाकर बारात लाने से इनकार कर दिया। इससे नाराज दुल्हन पक्ष के लोग भूना पुलिस के पास पहुंच गए। दुल्हन पक्ष ने गाड़ी की मांग करने के आरोप लगाए। इसके बाद भूना पुलिस ने दूल्हे पक्ष को तलब कर लिया। इसके बाद थाने में दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई। इस दौरान दूल्हे पक्ष के एक व्यक्ति के साथ हाथापाई भी हुई। पुलिस के अनुसार, अब दूल्हे पक्ष ने 4 फरवरी तक का टाइम लिया है। अब अगली बातचीत 4 फरवरी को होगी। जानिए पूरा मामला… जानकारी के अनुसार, भूना खंड के एक गांव निवासी युवती का रिश्ता पंजाब के पटियाला निवासी युवक के साथ तय हुआ था। दोनों की पिछले साल फरवरी महीने में शादी तय हुई। मगर उस समय भी ऐन मौके पर युवक की बीमारी का हवाला देकर शादी टाल दी गई। अब फिर से 30 जनवरी को शादी की तारीख तय थी। इसके लिए पंजाब के पातड़ा में मैरिज गार्डन बुक करवा कर सारी तैयारियां कर ली गई थी। मगर इस बार भी शादी के दिन युवक के बीमार होने का हवाला देकर बारात नहीं लाई गई। थाने आ रहे रिश्तेदार से हुई हाथापाई बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के लोग भूना थाने में बुलाए गए। इस दौरान जब थाने में दूल्हे पक्ष का एक रिश्तेदार आ रहा था तो दुल्हन पक्ष के लोगों ने उससे हाथापाई कर दी। इस हाथापाई में मामूली चोट भी लग गई। बाद में मौजिज लोगों ने मामला शांत किया। इसके बाद थाने में दोनों पक्षों के बातचीत हुई। पुलिस को दुल्हन पक्ष ने बताया कि शादी की तैयारियों पर 20 लाख रुपए से ज्यादा खर्च कर चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अब लड़के पक्ष की ओर से गाड़ी की डिमांड कर दी गई। 4 फरवरी तक का टाइम लेकर गए- एसएचओ भूना थाना के एसएचओ ओमप्रकाश बिश्नोई ने बताया कि भूना क्षेत्र की युवती की शादी पंजाब के पटियाला में तय की गई थी। मगर दूल्हा बीमार बताया गया। दुल्हन पक्ष ने शिकायत दी तो दोनों पक्ष के बुलाए गए। दोनों पक्ष आए थे। अब 4 फरवरी तक का टाइम लेकर गए हैं। इसके बाद आगामी कार्रवाई होगी।
फतेहाबाद में युवती की शादी के दिन नहीं आई बारात:दूल्हे पक्ष ने लिया 4 फरवरी तक का टाइम, पंजाब में हुआ रिश्ता
