फरीदाबाद के एनआईटी-1 स्थित बजाज फाइनेंस ब्रांच में एक युवक ने कंपनी के कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। युवक का कहना है कि लोन की एक किस्त बकाया होने के कारण उसे सेटलमेंट के बहाने ब्रांच बुलाया गया और वहां पहुंचते ही किस्त जमा करने का दबाव बनाया गया। आरोप है कि पैसे न देने पर उसे ऑफिस से बाहर जाने नहीं दिया गया और बंधक बनाकर करीब ढाई घंटे तक जबरन रोके रखा गया। हालांकि पुलिस और ब्रांच प्रबंधन ने इन आरोपों से इनकार किया है। दो साल पहले लिया था लोन फरीदाबाद निवासी विनय गोयल ने बताया कि उसने करीब दो साल पहले ऐप के माध्यम से बजाज फाइनेंस से एक लाख रुपए का लोन लिया था। वह नियमित रूप से किस्तें भर रहा था, लेकिन किसी कारणवश अंतिम किस्त नहीं भर सका। इसी को लेकर कंपनी के कर्मचारियों ने उसे लोन सेटलमेंट की बात कहकर ब्रांच बुलाया। पैसे न देने पर बाहर न जाने देने का आरोप विनय गोयल का आरोप है कि ब्रांच पहुंचने पर मयंक नाम के कर्मचारी ने उससे किस्त के पैसे जमा करने को कहा। जब उसने पैसे न होने की बात कहते हुए कुछ समय मांगा, तो कर्मचारियों ने उसे बाहर जाने से रोक दिया। आरोप है कि उससे कहा गया कि जब तक वह किस्त के पैसे नहीं देगा, तब तक उसे बाहर नहीं जाने दिया जाएगा और कहीं से भी पैसे लाने का दबाव बनाया गया। पुलिस कर रही मामले की जांच पीड़ित युवक ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस कर्मचारी अरसद खान ने बताया कि ब्रांच मैनेजर का कहना है कि युवक को केवल किस्त जमा करने के लिए बुलाया गया था। युवक ब्रांच में आराम से कुर्सी पर बैठा था और किसी भी कर्मचारी ने उसे धमकी नहीं दी और न ही बंधक बनाया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
फरीदाबाद में फाइनेंस कर्मचारियों ने युवक को बंधक बनाया:बोला- सेटलमेंट के बहाने ब्रांच बुलाया, फिर किस्त भरने का दबाव डाला; पुलिस बोली- आरोप गलत
