फरीदाबाद जिले के पल्ला थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव सेहत पुर में डॉग को सड़क पर घुमाने को लेकर विवाद हो गया। यह विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक के साथ मारपीट की गई और उस पर फावड़े से हमला किया गया। 100 फुट रोड सेहत पुर के घायल युवक आकाश के परिजनों के अनुसार, आकाश सुबह करीब 10 बजे घर के पीछे वाली सड़क पर डॉग को घुमा रहा था। इसी दौरान पास में दुकानें बनवा रहे प्लॉट मालिक विशंभर ने आकाश को गालियां देते हुए वहां डॉग न घुमाने के लिए कहा। परिजनों का आरोप है कि जब आकाश ने गालियों का विरोध किया, तो विशंभर ने अपने बेटों नरेन्द्र और धीरेंद्र को मौके पर बुला लिया। इसके बाद दोनों बेटों ने अपने साथियों के साथ मिलकर आकाश के साथ जमकर मारपीट की। मारपीट कर आरोपी फरार आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने आकाश के सिर पर फावड़े से वार किया। जिससे उसके सिर में गंभीर चोट लग गई। घायल अवस्था में आकाश को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, तब तक आरोपी वहां से फरार हो चुके थे। पीड़ित पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। मामले की जांच में जुटी पुलिस पल्ला थाना प्रभारी सत्य प्रकाश ने बताया कि घायल युवक का इलाज कराया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में आपसी कहासुनी के बाद विवाद की बात सामने आई है। पुलिस ने कहा है कि शिकायत मिलने के बाद मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
फरीदाबाद में युवक के सिर पर फावड़े से हमला:डॉग घुमाने को लेकर विवाद, गाली का विरोध करने पर पीटा
