फरीदाबाद में एक 28 वर्षीय शादीशुदा महिला के साथ लिफ्ट देने के बहाने शर्मनाक हरकत किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि दो युवकों ने महिला को घर छोड़ने के बजाय पूरी रात गुड़गांव रोड पर घुमाया। ढाई से तीन घंटे तक सड़क पर वैन में कैद कर घूमते रहे। पीड़िता की बहन ने महिला के साथ रेप किए जाने का आरोप लगाया है। बाद में महिला को चलती वैन से फेंक दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। मामला फरीदाबाद के कल्याणपुरी इलाके का है। महिला अपने एक दोस्त के घर गई थी। देर हो जाने के कारण जब वह रात करीब 12 बजे वापस घर लौट रही थी तो रास्ते में कोई सवारी नहीं मिली। इसी दौरान मोड़ पर खड़ी एक वैन दिखाई दी, जिसमें ड्राइवर सहित एक अन्य युवक मौजूद था। महिला ने उनसे थोड़ी दूर आगे तक छोड़ने की बात कही। दोनों युवकों ने उसे कल्याणपुरी चौक तक छोड़ने का भरोसा दिलाया और वैन में बैठा लिया। बहन को फोन कर बताया, दोस्त के घर जा रही हूं पीड़िता की बहन ने बताया कि रात करीब 8:30 बजे उनकी बहन का फोन आया था। उसने बताया था कि घर में मां से कहासुनी हो गई है और वह दोस्त के घर जा रही है। जहां से दो-तीन घंटे में वापस आ जाएगी। लेकिन दोस्त के घर से निकलने में देर हो गई। जब वह रात करीब 12 बजे दो नंबर चौक से कल्याणपुरी तीन नंबर चौक तक जाने के लिए सवारी ढूंढ रही थी, तब उसने वैन से लिफ्ट ली। आरोप है कि दोनों युवक उसे कल्याणपुरी चौक की बजाय गुड़गांव रोड की ओर लेकर चले गए। गुड़गांव हनुमान मंदिर से भी आगे ले जाकर उन्होंने महिला को ढाई से तीन घंटे तक सड़क पर वैन में कैद कर घूमते रहे और इस दौरान उसके साथ गलत हरकत की। महिला ने काफी विरोध किया, लेकिन आरोपी नहीं माने। आरोपियों ने सड़क पर फेंका, सिर में गंभीर चोट मंगलवार सुबह करीब 3 बजे आरोपियों ने एसजीएम नगर के राजा चौक स्थित मुला होटल के पास महिला को चलती वैन से नीचे फेंक दिया। सड़क पर गिरने से महिला के चेहरे पर गंभीर चोटें आईं और खून बहने लगा। उसके चेहरे पर 10 से 12 टांके लगाए गए हैं। सुबह करीब 3:30 बजे पीड़िता ने अपनी बहन को लगातार 10 से 12 फोन किए। फोन देखने के बाद जब बहन ने कॉल बैक की तो पूरी घटना की जानकारी मिली। बहन मौके पर पहुंची तो देखा कि पीड़िता खून से लथपथ थी, कपड़े फटे हुए थे और वह बुरी तरह रो रही थी। उसे तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। निजी अस्पताल में कराया गया भर्ती बाद में हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे दिल्ली रेफर किया, लेकिन परिजनों ने फरीदाबाद के ही एक निजी अस्पताल में भर्ती कराकर उसका इलाज शुरू कराया। पीड़िता की बहन ने साफ कहा कि उनकी बहन ने खुद बताया है कि लिफ्ट देने वाले युवकों ने उसके साथ गलत हरकत की है। फिलहाल पीड़िता की हालत स्थिर बताई जा रही है, लेकिन वह मानसिक रूप से काफी सदमे में है। पीड़ित महिला की बहन ने बताया कि उनकी बहन शादीशुदा है लेकिन पति से अलग मां के पास रहती है। उसके तीन बच्चे हैं और एक निजी कंपनी में काम करती है। पुलिस बोली- शिकायत नहीं मिली, होगी कार्रवाई वहीं, इस मामले में पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह का कहना है कि अभी तक पीड़ित पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है, क्योंकि महिला अस्पताल में भर्ती है। जैसे ही परिवार की ओर से शिकायत दर्ज कराई जाएगी, पुलिस तुरंत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू करेगी।
फरीदाबाद में चलती कार में महिला से रेप:लिफ्ट के बहाने बैठाया, ढाई घंटे तक वैन में कैद कर घुमाया, सड़क पर फेंक कर भागे
