चरखी दादरी जिले के बाढड़ा थाना क्षेत्र में एक 17 वर्षीय नाबालिग लड़की से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि उसे रात के समय घर से अगवा कर नशीला पदार्थ दिया गया। पीड़िता की हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे चरखी दादरी सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। बाढड़ा थाना पुलिस ने पीड़िता की मां के बयान पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में किशोरी की मां ने बताया कि रात के समय अज्ञात व्यक्ति घर में सो रही उनकी बेटी को अगवा कर ले गया। आरोपी उसे वाहन में कहीं दूर ले गया, जहां उसे नशीला पदार्थ देकर दुष्कर्म किया गया। बाद में किशोरी किसी तरह घर पहुंची और उसने परिजनों को पूरी घटना बताई। किशोरी की हालत बिगड़ने पर परिवार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और उसे सिविल अस्पताल चरखी दादरी में भर्ती कराया। सूचना मिलते ही बाढड़ा थाना प्रभारी एसआई सुरेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पीड़िता का मेडिकल परीक्षण करवाया। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ पोक्सो एक्ट, अपहरण और दुष्कर्म सहित संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। चरखी दादरी जिले में पांच दिन के भीतर किशोरी से दुष्कर्म का यह दूसरा मामला है। इससे पहले 24 जनवरी को भी एक किशोरी से गैंगरेप का मामला सामने आया था, जिसकी जांच अभी जारी है।
चरखी दादरी में नाबालिग लड़की से रेप:घर से अगवा कर ले गया युवक; नशीला पदार्थ दिया, 5 दिन में दूसरा मामला
