बरेली में सास-साले का हत्यारोपी दामाद एनकाउंटर में ढेर:भरी पंचायत में चाकू मारे थे, बचाने आई पत्नी पर भी हमला किया था

Spread the love

बरेली में सास और साले की हत्या करने वाले आरोपी अफसर उर्फ बौरा को पुलिस ने एनकाउंटर में ढेर कर दिया। SSP अनुराग आर्य के मुताबिक, मंगलवार सुबह 6 बजे मुखबिर की सूचना पर आरोपी की घेराबंदी की गई। खुद को घिरा देख उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी को गोली लगी। उसे जिला अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। मुठभेड़ इज्जतनगर थाना क्षेत्र में हुई। आरोपी ने 17 घंटे पहले यानी सोमवार दोपहर 1 बजे भरी पंचायत में सास और साले की चाकू से गोदकर हत्या कर दी थी। बचाने आई पत्नी पर भी जानलेवा हमला किया था। इसके बाद फरार हो गया। उसकी तलाश में 5 टीमें लगी हुई थीं। एनकाउंटर से जुड़ी हुई तस्वीरें देखिए- सिलसिलेवार तरीके से पूरा मामला समझिए— एंबुलेंस चालक अफसर खान बरेली के रहपुरा का रहने वाला था। उसके दो बच्चे फैज (8) और आयशा (5) हैं। उसकी पत्नी साइमा से उसका विवाद चल रहा था। इसके चलते साइमा पिछले 5 दिनों से पास के इलाके में स्थित मायके में रह रही थी। सोमवार को इस झगड़े को खत्म करने के लिए पंचायत बुलाई गई थी। अफसर के घर से करीब 50 मीटर दूर ज्वेलर राशिद खान के घर पर पंचायत चल रही थी। झगड़ा सुलझाने के लिए दोनों पक्षों के परिवारवालों को भी बुलाया गया था। पंचायत में अफसर अपने साथ चाकू भी लाया था। बातचीत के दौरान अचानक वह उग्र हो गया। उसने चाकू से अपनी सास आसमा (54) और साले आदिल (20) पर कई वार किए। दोनों की मौके पर मौत हो गई। बीच-बचाव करने आई पत्नी साइमा को भी उसने नहीं बख्शा। उसे भी चाकू से गोदकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। साइमा को एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। वारदात की सूचना पर SSP अनुराग आर्य फोर्स के साथ पहुंचे थे। उन्होंने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 5 टीमों को गठन किया था। तब से पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी। जगह-जगह दबिश दे रही थी।

8 साल में 259 अपराधियों को एनकाउंटर में ढेर किया
राज्य सरकार के अनुसार, मार्च 2017 से अक्टूबर 2025 तक यूपी पुलिस ने 259 अपराधियों को एनकाउंटर में ढेर किया है। इस दौरान 15,000 से अधिक पुलिस एनकाउंटर हुए, जिनमें 31,000 से ज्यादा अपराधी गिरफ्तार हुए और 10,000 से अधिक को गोली मारी गई। खबर लगातार अपडेट की जा रही है…