आजमगढ़ में कैदी ने जेलर का अकाउंट खाली किया:30 लाख निकाले, 18 महीने तक अफसरों को भनक तक नहीं लगी

आजमगढ़ में कैदी ने जेलर का अकाउंट खाली किया:30 लाख निकाले, 18 महीने तक अफसरों को भनक तक नहीं लगी
Share Now

आजमगढ़ में जेल से जमानत पर बाहर आए एक कैदी ने जेल अधीक्षक का बैंक अकाउंट ही खाली कर दिया। उसने सरकारी खाते से करीब 30 लाख रुपए पार कर दिए। करीब डेढ़ साल तक अफसरों को इसकी भनक तक नहीं लगी। दरअसल, आरोपी ने पहले उनकी चेकबुक चुराई। फिर फर्जी साइन कर कई बार में उससे 30 लाख से ज्यादा रुपए निकाले। मामला जब सामने आया तो सभी का सिर चकरा गया। आरोपी अपनी पत्नी की हत्या के मामले में जेल में था। 24 मई 2024 को उसे जमानत मिली। रिहा होने से पहले उसने चेकबुक चुराई। इसके बाद आरोपी 18 महीनों तक पैसे निकालता रहा। घटना का खुलासा 22 सितंबर को उस वक्त उजागर हुआ, जब कैदी ने खाते से 2.60 लाख रुपए निकाले। जैसे ही जेल अधीक्षक के फोन पर पैसे निकालने का मैसेज आया तो उन्होंने अकाउंटेंट से पूछा। लेकिन, उनके पास कोई रिकॉर्ड नहीं था। बैंक स्टेटमेंट निकलवाने पर पूरा धोखाधड़ी का मामला सामने आया। खुलासे के बाद जेल अधीक्षक ने कोतवाली में चार लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया है। घटना की जानकारी मिलते ही लखनऊ के उच्च अधिकारियों ने आजमगढ़ के जेल अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई है।
सिलसिलेवार तरीके से जानिए पूरा मामला… साल 2011 में हत्या के मामले में गया था जेल
कैदी की पहचान रामजीत यादव (40) के रूप में हुई है। वह जमुआ शाहगढ़ थाना बिलरियागंज का रहने वाला है। साल 2011 में वह अपनी पत्नी अनीता की हत्या के मामले में जेल गया था। साल 2017 में उसे पहली बार जमानत मिली। जेल से रिहा होने के बाद रामजीत ने नीतू नाम की महिला से दूसरी शादी कर ली। 24 फरवरी 2023 को कोर्ट ने उसे पत्नी की हत्या का दोषी करार देते हुए सजा सुनाई, जिसके बाद उसे दोबारा जेल भेजा गया। रामजीत यादव को जेल के अंदर कामकाज की जिम्मेदारी मिली। इसी दौरान उसने जेल प्रशासन के कामकाज और बैंक चेक पर दस्तखत करने का तरीका समझ लिया। 20 मई 2024 को जब वह जमानत पर जेल से रिहा हुआ, तो उसने अकाउंटेंट के कमरे से केनरा बैंक की चेकबुक चुरा ली। जेल खाते से लगातार निकालता रहा पैसा
रामजीत यादव ने जेल से रिहा होने के अगले दिन यानी 21 मई 2024 को खाते से 10 हजार रुपए निकाले। 22 मई को 50 हजार रुपए और कुछ दिन बाद 1.40 लाख रुपए खाते से निकाले। इस दौरान जेल प्रशासन को न ही इस चोरी की और न ही चेकबुक चोरी की शिकायत दर्ज कराई गई। आरोपी ने लगभग 18 महीनों तक पैसे निकालते रहा।
22 सितंबर 2025 को जब खाते से 2.60 लाख रुपए निकाले गए, तब जेल अधीक्षक आदित्य कुमार सिंह का ध्यान इस पर गया। दरअसल, उनके फोन पर पैसे निकाले जाने का मैसेज आया। जब उन्होंने जेल अकाउंटेंट मुशीर अहमद से जानकारी ली, तो उनके पास कोई रिकॉर्ड मौजूद नहीं था। फर्जी हस्ताक्षर से बैंक के खाते से निकाल रहा था पैसे
इसके बाद के जेल खाते का स्टेटमेंट निकाला गया, तब पूरे मामला सामने आया। जांच में पता चला कि आरोपी खुद को जेल का ठेकेदार बताकर अधीक्षक के फर्जी दस्तखत से बैंक खाते से पैसे निकाल रहा है। मामले के खुलासे के बाद जेल अधीक्षक आदित्य कुमार सिंह ने कोतवाली आजमगढ़ में 4 लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया। इस धोखाधड़ी में रामजीत यादव उर्फ संजय (मुख्य आरोपी), शिवशंकर उर्फ गोरख (पूर्व कैदी), वरिष्ठ सहायक मुशीर अहमद (लेखाधिकारी) और चौकीदार अवधेश कुमार पांडेय का नाम शामिल है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिवशंकर आरोपी का सबसे करीबी है। पुलिस को शक है कि फर्जीवाड़े में भी उसकी भूमिका हो सकती है। बैंक से पता चला कि चौकीदार आरोपी के साथ कई बार बैंक जा चुका था, इसलिए उसकी भूमिका भी भी जांच हो रही है। वहीं, रिकॉर्ड पुख्ता न रखने के लिए लेखाधिकारी के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। मां-पत्नी और अपने खाते में ट्रांसफर किए पैसे
जांच में सामने आया कि रामजीत यादव ने नीतू यादव के खाते में 2.40 लाख रुपए, मां सेटॉमी देवी के खाते में लगभग 3 लाख रुपए और अपने खाते में 30 लाख रुपए जमा कराए। सूत्रों के अनुसार इस खेल में बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों की मिलीभगत हो सकती है। जेल अधीक्षक के नाम से चलता है सरकारी खाता
आजमगढ़ जेल का सरकारी खाता जेल अधीक्षक आदित्य कुमार सिंह के नाम से संचालित होता है। इस खाते में सरकार का भेजा पैसा जमा होता है और जेल में काम करने वाले कैदियों का भुगतान इसी खाते से किया जाता है। कभी-कभी कैदी अपने परिजनों को भी चेक के माध्यम से भुगतान कर देते हैं। जेल के अकाउंटेंट इस पूरे काम में कभी-कभी कैदियों की मदद भी ले लेते हैं। इसी तरीके को रामजीत यादव ने भुनाया। जेल अकाउंटेंट के भरोसे रहते हुए उसने सिस्टम में सेंधमारी कर 30 लाख रुपए से अधिक की धोखाधड़ी की गई। जेल अधीक्षक बोले-मुकदमा दर्ज कर दिया गया
इस मामले में दैनिक भास्कर से बातचीत करते हुए आजमगढ़ जेल अधीक्षक आदित्य कुमार सिंह ने बताया- आरोपी रामजीत यादव ने जेल के सरकारी खाते की चेकबुक का दुरुपयोग कर 30 लाख से अधिक रुपए की धोखाधड़ी की है। 4 आरोपियों के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर दिया गया है। साथ ही, इस पूरी घटना की जानकारी लखनऊ के अधिकारियों को भी दे दी गई है। ——————– ये भी पढ़ें- खोपड़ी का सूप पीने वाला राजा कोलंदर रिहा नहीं होगा:राज्यपाल ने रिहाई मंजूर की थी; पत्रकार का बेटा बोला- ये रहम का हकदार नहीं यूपी की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने इंसानी खोपड़ी का सूप बनाकर पीने वाले राम निरंजन कोल उर्फ राजा कोलंदर की रिहाई मंजूर की है। मंजूरी मिलने के बाद शासन ने 4 सितंबर को रिहाई का आदेश भी जारी कर दिया, जिसमें उत्तर प्रदेश प्रिजनर्स रिलीज ऑन प्रोबेशन एक्ट, 1938 की धारा-2 और संबंधित नियमों का हवाला दिया गया है। लेकिन राजा कोलंदर की रिहाई अटक गई है। पढ़िए पूरी खबर…


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *