अंबाला में युवक को रास्ते में पीटा, चाकू घोंपा:बेहोशी की हालत में उठा घर ले गए हमलावर; अगले दिन परिवार पर भी हमला

Spread the love

अम्बाला जिले के गांव मलोर में पुरानी रंजिश या आपसी विवाद के चलते एक युवक पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। हमलावरों ने युवक को बेरहमी से पीटने के बाद उसके पेट में चाकू मार दिया। फिलहाल घायल युवक चंडीगढ़ के जीएमसीएच सेक्टर-32 अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा है। मलोर के रहने वाले साहिल (22) ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 28 फरवरी की शाम करीब 5:30 बजे वह दुकान से सामान लेकर घर लौट रहा था। रास्ते में जब वह एक पुलिया पर बैठा था, तभी गांव के ही सलिन्द्र, श्याम, रामा और गौरव वहां पहुंचे। आरोप है कि इन चारों ने साहिल को बिना किसी वजह के थप्पड़ और लात-मुक्कों से मारना शुरू कर दिया। रामा ने उसके सिर पर डंडे से जोरदार वार किया, जिससे वह बेहोश होकर गिर पड़ा। घर ले जाकर दी प्रताड़ना, पेट में घोंपा चाकू साहिल का आरोप है कि हमलावर उसे बेहोशी की हालत में उठाकर अपने घर ले गए। वहां परिवार की महिलाओं सलिन्द्र की पत्नी, श्याम की पत्नी, रामा की पत्नी, मनीषा और रामदेवी ने भी मिलकर उसे डंडों और लोहे की रॉड से पीटा। इसी बीच श्याम ने साहिल के पेट में चाकू मार दिया। गांव वालों और परिजनों ने बड़ी मुश्किल से साहिल को उनके चंगुल से छुड़वाया। हालत गंभीर, चंडीगढ़ रेफर घायल साहिल को पहले सीएचसी चोडमस्तपुर ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे सिविल अस्पताल अम्बाला शहर रेफर किया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे जीएमसीएच सेक्टर-32 चंडीगढ़ भेज दिया। मेडिकल रिपोर्ट (एमएलआर) के अनुसार, साहिल के सिर, पेट और हाथ की उंगलियों पर गंभीर चोटें आई हैं। पूरे परिवार पर हमले का आरोप पीड़ित पक्ष का कहना है कि हमलावर यहीं नहीं रुके। अगले दिन उन्होंने साहिल के चाचा संजय और चाची सुमन पर भी हमला किया, जिससे उन्हें भी चोटें आईं। परिवार का आरोप है कि आरोपियों की ओर से अब भी जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। पुलिस ने दर्ज किया मामला, आरोपियों की तलाश जारी थाना नग्गल के अंतर्गत पुलिस चौकी नन्योला के एएसआई विक्रम ने चंडीगढ़ अस्पताल पहुंचकर पीड़ित के बयान दर्ज किए। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराएं 190, 191(3) (दंगा), 115(2), 118(1) (गंभीर चोट पहुंचाना), 127(2) और 351(2) (जान से मारने की धमकी) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।