हरियाणा के अंबाला कैंट में देर रात तेज रफ्तार कार ने एक युवती को कुचल दिया। वह कैंट रेलवे स्टेशन से अपने भाई के साथ ई-रिक्शा में सवार होकर आ रही थी। रास्ते में एक कार ने उनको टक्कर मार दी। कार को पुलिस कर्मी चला रहा था ओर वह नशे में था। लोगों ने उसे पकड़कर खूब धुनाई की। मौके पर पहुंची पुलिस युवती और पुलिसकर्मी को ट्रामा सेंटर ले गई, जहां लड़की को मृत घोषित कर दिया गया। मौत की खबर के बाद परिजनों ने हंगामा कर दिया और आरोपी पुलिसकर्मी की मेडिकल जांच पर अड़ गए। हालांकि, पुलिसकर्मी को दूसरे कमरे में बैठाया गया था। यहां मीडिया की एंट्री भी रोक दी गई और पुलिस तैनात कर दी गई। पुलिस कर्मी की पहचान बलदेव नगर चौकी के ईएचसी अमित कुमार के तौर पर हुई है। चौकी इंचार्ज ने उसे हिरासत में लेने की बात कही है। अब सिलसिलेवार जानिए पूरा मामला… नशे में पुलिसकर्मी को बचाने का आरोप परिजनों का आरोप है कि कार को चला रहा पुलिसकर्मी नशे में था। उनका कहना है कि हादसे के बाद से पुलिस मामले को दबाने और आरोपी को बचाने में जुटी है। परिवार ने मांग की है कि आरोपी का मेडिकल परीक्षण निष्पक्ष तरीके से और पारदर्शिता के साथ कराया जाए। कार का इंश्योरेंस 2024 में खत्म अंबाला में लालकुर्ती चौकी इंचार्ज राजेंद्र के अनुसार, आरोपी पुलिस कर्मी अमित कुमार को हिरासत में ले लिया गया है। परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। जांच में यह भी सामने आया है कि जिस कार से हादसा हुआ, उसका बीमा मार्च 2024 में ही समाप्त हो चुका था।
अंबाला में पुलिसकर्मी ने युवती को कार से कुचला:शादी में शामिल होने आई थी, नशे में ई-रिक्शा को टक्कर मारी, लोगों ने पकड़कर पीटा
