अंबाला के मुलाना क्षेत्र से धोखाधड़ी और यौन शोषण का एक गंभीर मामला सामने आया है। यमुनानगर की रहने वाली एक 24 वर्षीय तलाकशुदा महिला ने आरोप लगाया है कि एक युवक ने उसे विदेश भेजने का सपना दिखाकर होटल में उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। सोशल मीडिया से संपर्क में आई पीड़िता, जो पेशे से सिलाई का काम करती है, ने पुलिस को बताया कि पिछले महीने उसकी बातचीत विजय नाम के एक युवक से शुरू हुई थी। विजय ने उसे झांसा दिया कि वह उसे विदेश (Work Visa) भेज सकता है। इसी सिलसिले में बातचीत करने के बहाने आरोपी ने महिला को व्हाट्सएप कॉल कर दोसड़का बुलाया। होटल ले जाकर की वारदात शिकायत के अनुसार, जब महिला दोसड़का पहुंची, तो विजय वहां अपनी कार लेकर आया। वह महिला को मुलाना क्षेत्र के एक होटल में ले गया, जहाँ उसने शादी या विदेश भेजने का प्रलोभन देकर महिला के साथ शारीरिक संबंध बनाए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी महिला को मुलाना अड्डे पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस के लिए पहचान बनी चुनौती हैरानी की बात यह है कि पीड़िता आरोपी के पते या ठिकाने के बारे में पूरी जानकारी नहीं रखती है। वह केवल उसे ‘विजय’ के नाम से जानती है। मुलाना थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने महिला की शिकायत पर संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। होटल के रिकॉर्ड और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। साथ ही, जिस नंबर से व्हाट्सएप कॉल की गई थी, उसे ट्रेस कर आरोपी की पहचान सुनिश्चित की जा रही है।
अंबाला में यमुनानगर की तलाकशुदा महिला से रेप:विदेश भेजने का झांसा देकर मुलाना होटल में बुलाया; केवल नाम जानती है, पता नहीं
