धनबाद, बोकारो, रांची सहित 11 जिलों में आज भारी बारिश:कल 6 जिलों के लिए यलो और ऑरेंज अलर्ट जारी, लो प्रेशर एरिया डिप्रेशन में हुआ तब्दील

धनबाद, बोकारो, रांची सहित 11 जिलों में आज भारी बारिश:कल 6 जिलों के लिए यलो और ऑरेंज अलर्ट जारी, लो प्रेशर एरिया डिप्रेशन में हुआ तब्दील
Share Now

झारखंड में मौसम ने करवट ले ली है। बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया के डिप्रेशन में तब्दील होने के बाद इसका सीधा असर राज्य में दिखने लगा है। मौसम विभाग ने 2 से 4 अक्टूबर तक पूरे झारखंड में बारिश का अलर्ट जारी किया है। रांची समेत कई जिलों में बुधवार दोपहर बाद से हल्की बारिश हुई जो देर रात होते-होते भारी बारिश में तब्दील हो गया। राजधानी रांची में भी जमकर बादल बरसे। बोकारो, धनबाद, कोडरमा, रामगढ़, हजारीबाग जैसे जिलों में भी लगातार बारिश हुई। आज भी कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों तक आसमान बादलों से घिरा रहेगा। राज्य का तापमान भी 3 से 5 डिग्री तक गिर सकता है। 11 जिलों में आज होगी भारी बारिश मौसम केंद्र रांची के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि 2 अक्टूबर को राज्य के दक्षिणी और मध्य हिस्सों में कई जगह भारी वर्षा हो सकती है। इस दौरान गर्जन, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी आशंका है। जिन जिलों के लिए अलर्ट जारी किया गया है, उनमें धनबाद, बोकारो, रामगढ़, रांची, लोहरदगा, गुमला, खूंटी, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम और सिमडेगा शामिल हैं। यहां के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। 3 अक्टूबर के लिए यलो और ऑरेंज अलर्ट जारी 3 अक्टूबर को झारखंड के उत्तर-पश्चिम हिस्से पर मौसमी सिस्टम का ज्यादा असर रहेगा। मौसम विभाग ने इस दिन यलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। चतरा, गढ़वा और पलामू में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी है। वहीं धनबाद, गिरिडीह, कोडरमा, लातेहार, बोकारो और हजारीबाग जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा हो सकती है। इस दौरान आंधी और वज्रपात की संभावना भी बनी रहेगी। विशेषज्ञों का कहना है कि डिप्रेशन के और गहरा होने से बारिश की तीव्रता और बढ़ सकती है। 4 अक्टूबर को सात जिले में भारी से भारी बारिश 4 अक्टूबर को भी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। दुमका, गोड्डा, पाकुड़, साहिबगंज, चतरा, गढ़वा और पलामू में भारी वर्षा की चेतावनी दी गई है। राज्य के कई हिस्सों में बिजली कड़कने और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। राजधानी रांची में भी तीनों दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश होगी। अधिकतम तापमान धीरे-धीरे 27 डिग्री तक पहुंच सकता है। मौसम विभाग ने साफ कहा है कि अगले तीन दिन लोगों को सतर्क और सावधान रहना होगा, क्योंकि कहीं-कहीं बारिश का असर सामान्य जीवन पर भी पड़ सकता है।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *