हरियाणा के झज्जर शहर में पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा रविवार को दोपहर 12:30 बजे बादली विधायक कुलदीप वत्स के हसनपुर स्थित निवास पर पहुंचेंगे। यहां दोनों नेताओं के बीच अहम वार्तालाप होगी। इस मुलाकात को कांग्रेस के भीतर जारी नाराजगी और सियासी उठापटक के बीच काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बता दें कि पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा को विधायक से मिलने के लिए शनिवार को पहुंचना था, लेकिन किन्हीं कारणों उनका शनिवार का झज्जर का दौरा स्थगित हो गया। कई नेताओं के प्रति जता चुके नाराजगी बादली विधायक कुलदीप वत्स पिछले कुछ समय से कांग्रेस के कई बड़े नेताओं के प्रति अपनी नाराजगी खुलकर जाहिर कर चुके हैं। उन्होंने पार्टी के अंदरूनी हालात को लेकर तीखे सवाल उठाए हैं। इतना ही नहीं, वे कांग्रेस को “बेचने” तक के आरोप भी लगा चुके हैं। ऐसे में भूपेंद्र सिंह हुड्डा की यह मुलाकात राजनीतिक तौर पर खास मानी जा रही है। पहले ही दे चुके बड़े फैसले के संकेत कुलदीप वत्स इससे पहले 5 मई को दैनिक भास्कर से बातचीत में बड़ा फैसला लेने की बात कह चुके हैं। उनके इस बयान के बाद से ही राजनीतिक गलियारों में अटकलों का दौर तेज हो गया था। अब माना जा रहा है कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा की यह मुलाकात उनके आगे के रुख पर असर डाल सकती है। हुड्डा के पहुंचने से बदल सकते हैं समीकरण पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का सीधे कुलदीप वत्स के निवास पर पहुंचना इस बात का संकेत माना जा रहा है कि पार्टी स्तर पर हालात संभालने की कोशिशें तेज हैं। इस मुलाकात के बाद कुलदीप वत्स के फैसले में बदलाव की संभावना को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। मुलाकात पर प्रदेश की रहेगी नजर हसनपुर में होने वाली यह मुलाकात अब केवल बादली या झज्जर तक सीमित नहीं रही, बल्कि पूरे हरियाणा के राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गई है। कल दोपहर 12:30 बजे होने वाली इस वार्ता के बाद कुलदीप वत्स के अगले कदम को लेकर तस्वीर काफी हद तक साफ हो सकती है।
हसनपुर में कल होगी भूपेंद्र हुड्डा-कुलदीप वत्स की अहम मुलाकात:विधायक के निवास पर दोपहर में पहुंचेंगे पूर्व सीएम; सियासी हलचल तेज
