करनाल जिले में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अफीम की अवैध खेती का भंडाफोड़ किया है। सीआईए असंध की टीम ने छापेमारी कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया और उसके घर व खेत से बड़ी संख्या में अफीम के नशीले पौधे बरामद किए। बरामद पौधों की कुल संख्या 650 बताई गई है, जिनका वजन करीब 43 किलो 215 ग्राम पाया गया। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर तीन दिन का रिमांड लिया है। सीआईए असंध टीम ने की कार्रवाई पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जिला पुलिस करनाल की सीआईए असंध टीम नशा तस्करों के खिलाफ अभियान चला रही थी। इसी दौरान सीआईए असंध इंचार्ज सब इंस्पेक्टर सुलिंदर सिंह के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की। ASI खेमचंद की अध्यक्षता में पुलिस टीम ने आरोपी को काबू किया और उसके ठिकानों की तलाशी ली। घर और खेत में मिले अफीम के पौधे तलाशी के दौरान पुलिस को आरोपी के घर और खेत में अफीम के पौधे उगाए हुए मिले। गिनती करने पर कुल 650 नशीले पौधे बरामद हुए। पुलिस ने सभी पौधों को कब्जे में लेकर उनका वजन किया, जो 43 किलो 215 ग्राम निकला। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। गांव गौ गोंदर का रहने वाला आरोपी पुलिस के अनुसार पकड़ा गया आरोपी गांव गोंदर का संजय कुमार पुत्र राम कुमार सिंह है। उसके खिलाफ थाना निसिंग में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। रिमांड में होगी गहन पूछताछ जांच अधिकारी के अनुसार रिमांड के दौरान आरोपी से गहन पूछताछ की जाएगी। यह भी पता लगाया जाएगा कि अफीम की खेती कब से की जा रही थी और इस काम में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है या नहीं। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
करनाल में अफीम की अवैध खेती का पर्दाफाश:650 पौधे और 43 किलो नशीला पदार्थ जब्त, रिमांड पर लिया आरोपी
