हरियाणा के कैथल में 11 साल की बेटी की हत्या के मामले में खुलासा हुआ है। आरोपी गोवर्धन के घर (जींद के जयपुर गांव) में जब भी कोई व्यक्ति आता था, तो वह अपनी पत्नी पर शक करने लग जाता था। उसे लगता था कि उस व्यक्ति के उसकी पत्नी से अवैध संबंध हैं। इस बात पर पति-पत्नी के बीच झगड़ा भी होता था। गोवर्धन की सास किताबो का कहना है कि जब भी गोवर्धन का उसकी पत्नी से झगड़ा होता था, तो बेटी हमेशा अपनी मां का पक्ष लेती थी। इस पर गोवर्धन को लगता था कि बेटी उसकी नहीं है। वह सोचता था कि पत्नी के जिससे अवैध संबंध हैं, बच्ची उसी की है। इसलिए वह हमेशा अपनी मां की तरफदारी करती है। बच्ची के गांव के एक व्यक्ति ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि करीब 4 साल पहले गोवर्धन की एक बेटी की मौत हो गई थी। तब बताया गया था कि वह बाइक से गिरी थी। हालांकि, वह हादसा था या हत्या, यह स्पष्ट नहीं है। बच्ची की नानी ने इस तरह की बात से इनकार किया है। उनका कहना है कि गोवर्धन के सिर्फ 2 ही बच्चे थे। अब एक बेटा बचा है। अब जानिए आरोपी ने पूछताछ में क्या बताया… ननिहाल में मिलाने की बात कहकर ले गया SP मनप्रीत सिंह सूदन के मुताबिक, आरोपी गोवर्धन ने पूछताछ में बताया कि वह कई दिनों से इस फिराक में था कि कब बेटी का मर्डर करे। सोमवार को उसने बेटी को कहा कि चल कैथल में तुझे ननिहाल में मिलवाकर लाता हूं। कैथल तक वह हाईवे पर बच्ची की हत्या नहीं कर पाया, क्योंकि कहीं भी उसे सुनसान जगह नहीं मिली। नहर के पास ले जाकर गला घोंटा गोवर्धन बेटी को प्योदा गांव के पास नहर किनारे सुनसान जगह पर ले गया। पहले उसने बेटी की गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद कुछ दूरी पर उसका शव फेंककर भाग गया। गोवर्धन ने अपने कपड़े फाड़ लिए, ताकि ऐसा लगे कि उसके साथ लूट और बेटी की किडनैपिंग की घटना हुई है। बेटी को मारकर ससुराल पहुंचा गोवर्धन बेटी को मारने के बाद अपने ससुराल सीवन गया। वहां उसने अपनी सास को बताया कि स्कॉर्पियो सवार कुछ लोग बेटी को किडनैप कर ले गए। साथ ही उन्होंने उसकी जेब से भी कुछ पैसे निकाल लिए और मारपीट की। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम में दी गई। SP बोले- आरोपी सनकी किस्म का SP ने बताया कि पुलिस गोवर्धन को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई। उसकी बातों से पुलिस को शक हो गया। जब उससे सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। बच्ची का शव गड्ढे से बरामद हुआ। आरोपी सनकी किस्म का है। पूछताछ के लिए उसे रिमांड पर लिया गया है। जांच और पूछताछ में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। 14 साल पहले हुई गोवर्धन की शादी बच्ची की नानी किताबो ने बताया कि करीब 14 साल पहले उसकी बेटी की शादी जींद के जयपुर गदली गांव में हुई थी। दामाद गोवर्धन मजदूरी करता है। गोवर्धन के दो बच्चे थे। जिनमें एक 11 साल की बेटी थी, जिसे गोवर्धन ने मार दिया। एक छोटा बेटा भी है। गोवर्धन पहले कभी झगड़ा नहीं करता था। वह शराब भी नहीं पीता।
‘घर पर कोई आता तो पत्नी पर शक करता’:कैथल में बेटी दूसरे की संतान समझकर मारी, झगड़ों में मां की साइड लेती थी
