हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (HBSE) की ओर से कराए जाने वाले हरियाणा टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट-2025 (HTET-2025) को लेकर बोर्ड चेयरमैन डॉ. प्रो. पवन कुमार ने दैनिक भास्कर एप से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने दावा किया कि सप्ताहभर में एचटेट एग्जाम की तिथि घोषित की जाएंगी। संभावित तिथि 17-18 जनवरी है, जिसका प्रपोजल शिक्षा बार्ड ने भेजा हुआ है। वहीं ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इसके अलावा पिछली बार हुए एचटेट-2024 एग्जाम से सबक लेकर इस बार टेंडर पब्लिक सेक्टर यूनिट (PSU) को दिया है। जो सीसीटीवी कैमरा, बायोमैट्रिक, वीडियोग्राफी व फ्रिस्किंग आदि सेवाएं देगी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन डॉ. प्रो. पवन कुमार ने कहा कि उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार हर साल एचटेट परीक्षा करवाना शिक्षा निदेशालय के दिशानिर्देश अनुसार हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा करवाना निर्धारित है। इसकी प्रक्रिया काफी पहले से शुरू की जा चुकी थी। अब 2026 का कैलेंडर को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है कि और बोर्ड द्वारा निदेशालय को संभावित तिथियां 17-18 जनवरी भेजी गई हैं। जिनकी अनुमति आने की संभावना है। इससे पहले आवेदन फार्म लेना, विभिन्न एजेंसियों का चयन करना आदि शिक्षा बोर्ड ने कर लिया है। एक सप्ताह में तिथि होगी फाइनल
चेयरमैन डॉ. पवन कुमार ने एक सवाल के जवाब में कहा कि एक सप्ताह में तिथियां फाइनल हो जाएंगी। क्योंकि 4 जनवरी तक ऑनलाइन आवेदन मांगे हैं। वहीं करेक्शन के लिए एक दिन का समय दिया है। जब तक अभ्यार्थी इस प्रक्रिया से गुजरेंगे, तब तक हर हाल में डेट फाइनल हो चुकी होगी। एचटेट-2025 की सुचिता व पवित्रता को ध्यान में रखते हुए पब्लिक सेक्टर यूनिट (PSU) को साइन किया है। उसके आधार पर ही मुख्य बिंदू यही है कि क्वालिटी के साथ कोई समझौता ना हो। पिछली खामियों को देखते हुए पीएसयू का चयन
उन्होंने कहा कि एचटेट-2024 परीक्षा के दौरान काफी खामियां देखने को मिली थी। टेंडर प्रक्रिया के तहत कुछ एजेंसी का चयन किया जाता है, जो विभिन्न सर्विस देती हैं। जैसे सीसीटीवी कैमरा, बायोमैट्रिक, वीडियोग्राफी व फ्रिस्किंग आदि। इन सभी को ध्यान में रखते हुए पीएसयू का चयन किया गया है। जो केंद्र सरकार से रजिस्टर्ड हैं। उनकी क्वालिटी का लेवल यह होता है कि वे कहीं इसमें समझौता नहीं करते हैं। जो एग्रीमेंट साइन हुआ है, उसमें यह नियम व शर्त लिखी गई है कि निर्धारित अवधि में रिजल्ट घोषित किया जाए। अगर कहीं कोई ढील होगी तो पीएसयू उसके लिए जिम्मेदार होगी। एक माह में जारी होगा रिजल्ट
पिछले एचटेट का रिजल्ट देरी से जारी होने के सवाल पर चेयरमैन डॉ. पवन कुमार ने कहा कि इसलिए पीएचयू का चयन किया है। उनके सामने यह भी विषय रखा गया है कि ज्यादा से ज्यादा 3 सप्ताह में बॉयोमेट्रिक का कार्य कर देंगे। वहीं रिजल्ट जितना जल्दी हो सकेगा अर्थात एक सप्ताह में परिणाम जारी कर देंगे। शिक्षा बोर्ड के वाइस चेयरमैन सतीश शाहपुर ने कहा कि एचटेट के दौरान पीछे जो कमी हुई हैं, उनका सुधार किया जाएगा। जो कर्मचारी व अधिकारी कमी करेगा, उसके खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। अबकी बार एचटेट की परीक्षा में कोई कमी नहीं आने देंगे। वहीं एचटेट परीक्षा सुचिता व पवित्रता के साथ लेकर जल्द से जल्द रिजल्ट जारी किया जाएगा।
HTET एग्जाम की डेट सप्ताह भर में होगी फाइनल:बोर्ड चेयरमैन डॉ. पवन बोले- तैयारियों का जिम्मा PSU को सौंपा, एक माह में आएगा रिजल्ट
