हुड्डा बोले-लाडो लक्ष्मी योजना में महिलाओं के साथ धोखा:BJP ने ₹2100 का लालच देकर हथियाए वोट, हरियाणा की अर्थव्यवस्था का किया बंटाधार

Spread the love

रोहतक में डी पार्क स्थित अपने निवास पर पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भाजपा सरकार पर लाडो लक्ष्मी योजना के नाम पर महिलाओं के साथ मजाक करने और धोखा करने का गंभीर आरोप लगाया। भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि चुनाव में सभी महिलाओं को 2100 रुपए मासिक देने का वादा किया, लेकिन अब केवल चंद महिलाओं को ही यह राशि दी जा रही है। भूपेंद्र हुड्डा ने बताया कि 2024-25 में हरियाणा में 2.13 करोड़ लोग बीपीएल श्रेणी में थे, यानी इस योजना का लाभ लगभग 85 लाख महिलाओं को मिलना चाहिए था। लेकिन वर्तमान में सरकार केवल 8 लाख महिलाओं को ही राशि देने की बात कर रही है। उसमें भी अब कहा जा रहा है कि महिलाओं को केवल 1100 रुपए मिलेंगे और 1000 रुपए जमा किए जाएंगे। इसमें भी आय की सीमा, बच्चों की शिक्षा और कुपोषण जैसी शर्तें थोप दी। पंचायत विभाग में कार्यरत कर्मचारियों ने सौंपा ज्ञापन
भूपेंद्र सिंह हुड्डा को पंचायत विभाग में कार्यरत CPLO कर्मियों ने ज्ञापन सौंपा और बताया कि उनकी भर्ती विज्ञापन संख्या 01/19-21 HPPA-07 के अनुसार दिसम्बर 2023 में CPLO पद के लिए की गई थी। इसके लिए 1000 रुपए फॉर्म फीस ली और प्री और मेन्स दोनों परीक्षाएं करवाई गई। लेकिन रिजल्ट के समय भर्ती का स्वरूप बदलकर CPLO को ASK ऑपरेटर और LCLO दो भागों में बांट दिया। पंचायत विभाग के कर्मचारियों ने बताया कि ASK ऑपरेटर का वेतनमान 6 हजार रुपए मासिक और LCLO का केवल कमीशन निर्धारित किया गया। कर्मियों को गलत पोस्ट पर ज्वॉइनिंग दी गई, जो नियमों के विरुद्ध और असंवैधानिक है। भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि सरकार को इन कर्मियों की मांगों एवं समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए और शीघ्र समाधान निकालना चाहिए। हरियाणा की अर्थव्यवस्था का भाजपा ने किया बंटाधार
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि भाजपा ने हरियाणा की अर्थव्यवस्था का बंटाधार कर दिया है। चार्वाक की नीति पर चलते हुए सरकार ने लगातार कर्ज बढ़ाया है। 1966 से 2014 तक राज्य पर करीब 60 हजार करोड़ रुपए का कर्ज था, जो अब 5 लाख करोड़ रुपए से अधिक हो चुका है। यह प्रदेश की आर्थिक बदहाली को दर्शाता है।