हुड्डा बोले-बीजेपी ने चुनाव में लाखों राशन कार्ड बनाए:रोहतक में कहा- अब काट दिए; HPSC के पद जानबूझकर सरकार रख रही खाली

Spread the love

रोहतक में पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भाजपा को निशाने पर लेते हुए कहा कि बीजेपी ने चुनाव में वोट हासिल करने के लिए लाखों फर्जी राशन कार्ड बनाए। आंकड़ों के अनुसार, 2020-21 में राशन कार्ड 11 लाख 9 हजार 865 थे, जो 2022-23 में बढ़कर 26 लाख 40 हजार 475 और 2024 में 51लाख 96 हजार 380 हो गए। इसी तरह लाभार्थी 52 लाख 40 हजार 111 से बढ़कर 2 करोड़ 13 लाख हो गए। भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि चुनाव बाद देशभर में 41 लाख राशन कार्ड काटे गए, जिसमें हरियाणा में सबसे अधिक 13 लाख 43 हजार 474 कार्ड काटे गए। इससे 70 लाख से अधिक लोगों का राशन बंद हो गया। यानि बीजेपी ने वोट लेने के लिए जनता के साथ धोखा किया। हरियाणा की सभी 85 लाख महिलाओं को 2100 रुपए मासिक देने का वादा किया, लेकिन अब केवल 5 लाख महिलाओं को ही यह राशि देने की बात कर रही है। नौकरियों में युवाओं के साथ किया धोखा भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भर्तियों में हरियाणवी युवाओं के साथ हो रहे अन्याय का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा सरकार जानबूझकर हरियाणवीं को भर्तियों से बाहर कर रही है। हरियाणा पावर यूटिलिटीज (HPU) असिस्टेंट इंजीनियर भर्ती में जनरल कैटेगरी के 214 उम्मीदवारों में केवल 29 हरियाणा डोमिसाइल वाले चुने गए। HPSC की अंग्रेजी असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती में भी हरियाणवीं का चयन 8 प्रतिशत से कम रहा। भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि SDO इलेक्ट्रिकल की भर्ती में सरकार ने 80 में से 78 बाहर के लोगों को नियुक्त कर दिया। इसके बाद जब ये भर्ती दो बार हुई तो 99 में से 77 बाहर के लगाए गए। लेक्चरर ग्रुप-बी टेक्निकल एजुकेशन में 157 में से 103, HCS 2017 में तीन में से एक बाहर का, DHO भर्ती में 16 में से 12 बाहर के, BDPO भर्ती में 7 में से 4 बाहर के लोगों को लगाया गया था। HPSC के पद जानबूझकर सरकार रख रही खाली भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि HPSC भर्तियों में पद जानबूझकर खाली रखे जाते हैं। अंग्रेजी असिस्टेंट प्रोफेसर की 613 पोस्ट में इंटरव्यू के लिए केवल 151 को बुलाया गया। यह हरियाणवी युवाओं के हकों पर डाका मारा जा रहा है। दूसरा एमडीयू में प्रोफेसर के इंटरव्यू दिल्ली में रखे गए, जो सवाल खड़े कर रही है। महिला के साथ गैंगरेप की घटना शर्मनाक भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि फरीदाबाद में एक महिला के साथ हुई गैंगरेप की घटना शर्मनाक और निंदनीय है। इससे साबित होता है कि हरियाणा में कानून-व्यवस्था नाममात्र की भी नहीं है। केंद्र सरकार की सामाजिक प्रगति सूचकांक में हरियाणा सबसे असुरक्षित राज्य है। हरियाणा से 1446 फैक्ट्रियों ने किया पलायन भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि हरियाणा में निवेश आना तो दूर की बात, 1446 फैक्ट्रियों ने पलायन किया है। भाजपा सिर्फ इवेंट मैनेजमेंट की सरकार है। हरियाणा में 2018-19 से आज तक 1446 फैक्ट्रियां या तो बंद हो गई है या पलायन कर गई हैं। भाजपा सरकार ने खेल इन्फ्रास्ट्रक्चर को बर्बाद कर दिया। जर्जर स्टेडियमों से अब तक दो खिलाड़ियों की जान जा चुकी है। अरावली को लेकर विधानसभा में उठाया मुद्दा भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि अरावली मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट ने स्वतः: संज्ञान लिया। विधानसभा में मुद्दा उठाया गया, लेकिन सरकार चर्चा से भागी। फॉरेस्ट सर्वे रिपोर्ट कहती है कि अरावली का विनाश हरियाणा को सबसे अधिक प्रभावित करेगा। अरावली उत्तर भारत के फेफड़े हैं, जो इस पूरे इलाके को जीवन देती है। जातिवाद की बात करने वाले सबसे बड़े जातिवादी भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि जो खुद जातिवाद की बात करते हैं, वो सबसे बड़े जातिवादी है। मेरे दादा मातूराम व पिता रणबीर सिंह ने आजादी की लड़ाई लड़ी। दादा मातूराम पहले ऐसे व्यक्ति हैं, जिन्होंने अपने कुएं पर दलित को पानी पिलाया था। जातिवाद का जहर तो भाजपा फैला रही है।