भिंड में ऑनर किलिंग…पिता ने शादीशुदा बेटी को गोली मारी:रिश्ते में चाचा लगने वाले प्रेमी संग भागने से नाराज था, बदनामी हो रही थी कहकर मार डाला

Spread the love

भिंड में ऑनर किलिंग का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। खिरिया थापक गांव में एक पिता ने बदनामी के डर से अपनी 21 वर्षीय शादीशुदा बेटी की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात मंगलवार शाम की बताई जा रही है। आरोपी बेटी को बहला-फुसलाकर गांव के बाहर सरसों के खेत में ले गया और वहां कट्टे से उसकी छाती पर फायर कर दिया। मृतका की पहचान निधि धानुक (21) के रूप में हुई है। उसकी शादी एक महीने पहले यानी 11 दिसंबर को ग्वालियर के गुड़ागुड़ी का नाका निवासी देवू धानुक से हुई थी। 28 दिसंबर को निधि अपने पति के साथ ग्वालियर के महाराज बाड़ा शॉपिंग करने गई थी। वहां से वह पति को पानी लाने भेजकर अचानक लापता हो गई। इसके बाद ससुराल और मायके पक्ष ने उसकी काफी तलाश की। देखिए तस्वीरें हत्या करने के बाद पत्नी को दी जानकारी
मेहगांव थाना पुलिस के अनुसार, मंगलवार शाम निधि अपने पिता मुन्नेश धानुक से मिलने पहुंची थी। इसी दौरान पिता उसे गांव ले आया और रात में सुनसान खेत में ले जाकर गोली मार दी। घटना की जानकारी निधि की मां पूजा ने पुलिस को दी। सूचना मिलने पर बुधवार सुबह पुलिस मौके पर पहुंची और खेत से युवती का शव बरामद किया। ग्रामीणों का कहना है कि निधि का गांव के ही एक युवक से प्रेम प्रसंग था, जो रिश्ते में उसका चाचा लगता था। बताया गया कि लापता होने के बाद निधि खुद ग्वालियर कोतवाली पुलिस के सामने पेश हुई थी और बालिग होने के नाते अपनी मर्जी से जाने की बात कही थी। इसी बात से नाराज होकर और लोक-लाज के डर से पिता ने यह खौफनाक कदम उठाया। आरोपी गिरफ्तार, वारदात में इस्तेमाल हथियार नहीं मिला
मेहगांव एसडीओपी संजय कोच्छा ने बताया कि आरोपी पिता मुन्नेश धानुक को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है और वारदात में प्रयुक्त हथियार की तलाश की जा रही है। मामले की गहन जांच जारी है और सभी पहलुओं की पड़ताल के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।