कुरुक्षेत्र सड़क हादसे में होमगार्ड की मौत, साथी घायल:ड्यूटी से लौट रहे थे, स्कॉर्पियो ने बाइक में पीछे से मारी टक्कर

Spread the love

कुरुक्षेत्र जिले के पिहोवा क्षेत्र में शनिवार रात एक सड़क हादसे में हरियाणा पुलिस के एक होमगार्ड की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। एनएच-152 स्थित बिलोचपुरा फ्लाईओवर के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार द्वारा मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मारने के बाद यह हादसा हुआ। मृतक को अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल का उपचार चल रहा है। मामले में पुलिस ने कार ड्राइवर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान रविंद्र पुत्र हीरा लाल निवासी नंद कॉलोनी पिहोवा के रूप में हुई है। एसपी ऑफिस की सुरक्षा शाखा में थी ड्यूटी शिकायत में संदीप कुमार निवासी गांव कैंथला थाना ईस्माइलाबाद ने बताया कि वह हरियाणा पुलिस में होमगार्ड के पद पर जिला कुरुक्षेत्र में तैनात हैं और वर्तमान में पुलिस अधीक्षक कार्यालय कुरुक्षेत्र की सुरक्षा शाखा में ड्यूटी दे रहा है। शनिवार की रात को वह अपनी ड्यूटी पूरी करने के बाद अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर पुलिस लाइन कुरुक्षेत्र पहुंचा। वहां उनकी मुलाकात होमगार्ड रविंद्र निवासी नंद कॉलोनी पिहोवा से हुई, जिसकी ड्यूटी भी पुलिस लाइन में थी। पुलिस लाइन से बाइक पर घर के लिए निकले इसके बाद दोनों एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर करीब 6 बजे पिहोवा की ओर रवाना हुए। संदीप को गांव मुस्तापुर में निजी कार्य था, जहां दोनों पहुंचे और काम समाप्त कर शाम करीब 7 बजे मुर्तजापुर से गांव सैंसा और अरुणाय होते हुए वापस लौटने लगे। संदीप के अनुसार, शाम रात जब वे NH-152 स्थित बिलोचपुरा फ्लाईओवर के पास पहुंचे, तो पीछे से एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो कार तेज रफ्तार, लापरवाही और बिना हॉर्न बजाए चलाते हुए आई और उसकी मोटरसाइकिल के पीछे सीधी टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही मोटरसाइकिल का संतुलन बिगड़ गया और वाहन फ्लाईओवर के डिवाइडर से जा टकराया। सड़क पर गिरने से दोनों को लगी चोटें हादसे में दोनों सड़क पर गिर पड़े और उन्हें गंभीर चोटें आई। रविंद्र के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई, जबकि संदीप के हाथ-पैर और शरीर पर भी काफी चोटें लगी। संदीप ने बताया कि हादसे के बाद कार ड्राइवर मौके पर रूका। मौके पर भीड़ एकत्र हो गई और कार ड्राइवर व अन्य राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को निजी वाहन से सरस्वती मिशन अस्पताल पिहोवा पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने रविंद्र को मृत घोषित कर दिया, जबकि संदीप का उपचार चल रहा है। शिकायतकर्ता ने स्पष्ट आरोप लगाया कि यह दुर्घटना स्कॉर्पियो कार ड्राइवर द्वारा तेज रफ्तार, गफलत और लापरवाही से वाहन चलाने तथा बिना हॉर्न दिए मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मारने के कारण हुई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।