हरियाणा में हिसार के गांव बुडाना के रहने वाले डॉ. अरुण चौधरी को जम्मू-कश्मीर पुलिस महानिदेशक प्रशंसा मेडल से सम्मानित किया गया है। सशस्त्र सीमा बल (SSB) में तैनात असिस्टेंट कमांडेंट डॉ. अरुण चौधरी ने अपनी कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट सेवाओं से क्षेत्र का मान बढ़ाया है। डॉ. अरुण को जम्मू-कश्मीर में उनकी सराहनीय सेवाओं के लिए प्रतिष्ठित ‘डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (DGP) मेडल’ से सम्मानित किया गया है। डॉ. अरुण चौधरी एक समर्पित चिकित्सा अधिकारी (सहायक कमांडेंट) हैं, जिन्होंने सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 10वीं वाहिनी में सेवा करते हुए जम्मू-कश्मीर जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में असाधारण कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया है। उन्हें विधानसभा चुनाव 2024 और श्री अमरनाथ जी यात्रा 2025 के दौरान उत्कृष्ट चिकित्सा सहायता और परिचालन तत्परता के लिए कई बार “कमेंडेशन रोल” से सम्मानित किया गया है। उनकी व्यवसायिक कुशलता का प्रमाण तब दिखा जब उन्होंने एक गंभीर रूप से बीमार जवान का विषम परिस्थितियों में सफल उपचार कर उसकी जान बचाई। मात्र तीन वर्ष के सेवाकाल में उपलब्धि
डॉ. अरुण चौधरी की यह उपलब्धि इसलिए भी विशेष है क्योंकि उन्होंने अपने सेवाकाल के मात्र तीन वर्षों के भीतर ही इस उच्च स्तरीय सम्मान को प्राप्त किया है। अपनी सफलता का श्रेय डॉ. अरुण ने अपने दादा, स्व. चौधरी चंद्र सिंह को दिया है, जो अपने समय के प्रख्यात खिलाड़ी और एक अत्यंत ईमानदार शिक्षा अधिकारी के रूप में पहचाने जाते थे। डॉ. अरुण ने अपनी सफलता में अपने माता-पिता के मार्गदर्शन को भी अहम बताया। उनके पिता सुनील सिवाच बुड़ाना एक वरिष्ठ समाजसेवी एवं प्रगतिशील किसान हैं, जबकि माता अनिता देवी गृहिणी हैं। सेवा के प्रति समर्पित परिवार
डॉ. अरुण चौधरी का परिवार राष्ट्र सेवा और न्याय के प्रति पूरी तरह समर्पित है। डॉ. अरुण की धर्मपत्नी डॉ. लीला भी सशस्त्र सीमा बल (SSB) में ही असिस्टेंट कमांडेंट के पद पर राष्ट्र की सेवा कर रही हैं। उनके भाई वरुण चौधरी कानून के क्षेत्र में सक्रिय हैं और एक वकील के रूप में कार्यरत हैं।
हिसार के लाल को मिला जम्मू ‘DGP प्रशंसा मेडल’:विधानसभा चुनाव-अमरनाथ यात्रा में की उत्कृष्ट सेवा; SSB में असिस्टेंट कमांडेंट हैं डॉ. अरुण
