देवरिया में मजार पर बुलडोजर चलते देख रोई हिंदू महिला:बोलीं- डॉक्टरों ने जवाब दे दिया था, यहीं की मन्नत से बेटा पैदा हुआ

Spread the love

देवरिया में 50 साल पुरानी अब्दुल गनी शाह बाबा की मजार पर बुलडोजर एक्शन का मंगलवार को तीसरा दिन है। 4 हजार वर्ग फीट का हॉल, मजार और चबूतरा तोड़ा जा चुका है। अब मस्जिद बची है, जिसे तोड़ा जाना बाकी है। आरोप है कि मजार अवैध तरीके से सरकारी जमीन पर बनाई गई थी। इस मजार पर न सिर्फ मुस्लिम, बल्कि हिंदू भी यहां आकर पूजा-पाठ करते थे। आज रानी तिवारी नाम की एक महिला अपने 12 साल के बेटे को लेकर मजार पर पहुंची। वह रो रही थी। रानी तिवारी ने बताया- 12 साल पहले उन्होंने इस मजार पर आकर संतान प्राप्ति की मन्नत मांगी थी जो बाद में पूरी भी हुई। रानी तिवारी ने चादर के लिए मजार कमेटी को पैसा दिया और दुआ कर वापस लौट गईं। इस दौरान आसपास मौजूद लोग भी महिला की आस्था और भावनाओं को देखकर भावुक हो गए। वहीं, देवरिया से भाजपा विधायक शलभ मणि त्रिपाठी को सिर कलम करने की धमकी मिली है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है, जिसमें एक युवक विधायक का ‘सर कलम करने’ की धमकी दे रहा है। पुलिस आरोपी युवक की तलाश कर रही है। शलभ मणि ने मजार के ध्वस्तीकरण के लिए सीएम योगी का आभार जताया है। वीडियो जारी कर बीजेपी विधायक ने कहा- इस अवैध मजार का विरोध करने के चलते ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक राम नगीना यादव की बेरहमी से हत्या की गई थी, आज उनकी आत्मा को ज़रूर शांति मिली होगी। पहले देखें 2 तस्वीरें… अब सिलसिलेवार पढ़िए पूरी खबर… मजार पर दुआ मांगी, तब बेटा पैदा हुआ
रानी तिवारी देवरिया शहर की रहने वाली हैं। उन्होंने बताया- मैंने भगवान को देखा नहीं है, लेकिन श्रद्धा के साथ सभी लोग अलग-अलग स्थान पर जाते हैं। मैं भी इस मजार पर आती थी। 12 साल पहले मैं इसी मजार के पास एक स्कूल में टीचर थी। तब मेरा किसी कारण से गर्भपात हो गया था। इसके बाद मुझे संतान नहीं हो रही थी। डॉक्टरों ने जवाब दे दिया था। कह दिया था कि अब मां बनना संभव नहीं है। मैं मानसिक रूप से टूट गई थी। इसी मुश्किल समय में स्कूल की एक मुस्लिम टीचर ने रमजान में अब्दुल गनी शाह बाबा की मजार पर जाकर मन्नत मांगने की सलाह दी। मैं अपनी सहकर्मी के साथ मजार पर पहुंचीं और संतान प्राप्ति की मन्नत मांगी। कुछ समय बाद ही मेरे जीवन में खुशियां लौटीं और मैंने एक स्वस्थ बेटे को जन्म दिया। इस घटना के बाद से रानी तिवारी समय-समय पर बाबा की मजार पर आकर दुआ और पूजा करती रहीं। मंगलवार को जब उन्हें मजार पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की सूचना मिली, तो वह तुरंत अपने बेटे को लेकर वहां पहुंच गईं। उन्होंने अपने-अपने धर्म के अनुसार पूजा-पाठ किया और बाबा से अपने बेटे के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान उन्होंने मजार परिसर को तोड़े जाने पर काफी अफसोस जताया। रानी ने कहा- मैंने सुना की इस मस्जिद को तोड़ा जा रहा है इस पर मंगलवार को मैं बेटे के साथ मस्जिद पर आई बाबा के दर्शन किए और चादर चढ़ाने के लिए मैंने पैसे भी दिए। भास्कर पोल में हिस्सा लेकर अपनी राय दे सकते हैं… विधायक शलभ मणि को जान से मारने की धमकी फोटो में क्रॉस का निशान, बोला- हुजूर से गुस्ताखी पर माफ नहीं करेंगे देवरिया सदर से भाजपा विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी को जान से मारने की धमकी मिली है। एक युवक विधायक का ‘सर कलम करने’ की धमकी दे रहा है। वीडियो में एक युवक सड़क पर चलते हुए डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी को धमकी देता नजर आ रहा है। विधायक की तस्वीर पर लाल क्रॉस का निशान भी बनाया गया है। इसमें आपत्तिजनक और भड़काऊ भाषा का इस्तेमाल किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तत्काल सक्रिय हो गईं। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वीडियो किसने बनाया, कब और किस उद्देश्य से इसे प्रसारित किया गया। दरअसल, विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने मजार को तोड़े जाने का खुलकर समर्थन किया था। पुलिस वीडियो की डिजिटल फोरेंसिक जांच कराई जा रही है। प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों या अपुष्ट वीडियो पर विश्वास न करें और शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। विधायक बोले- मजार टूटने से RSS नेता की आत्मा को शांति मिलेगी
विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने मजार तोड़े जाने पर कहा- मैं पूरे देवरिया की तरफ से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करता हूं। धन्यवाद देता हूं। संपूर्ण देवरिया इस कार्रवाई के लिए उनका हमेशा ऋणी रहेगा। यह वही मजार है, जिसके लिए लड़ते समय हमारे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के राष्ट्रीय प्रचारक राम नगीना यादव की बेरहमी से हत्या की गई थी। इस कार्रवाई से राम नगीना की आत्मा को शांति मिलेगी। मैं प्रशासन से अभी कहूंगा कि इस बाजार को बचाने के लिए उससे जुड़े लोगों ने कानूनी घेराबंदी की और अड़चनें पैदा की। अब प्रशासन को चाहिए कि वह जल्द से जल्द मज़ार कमेटी से जुड़े लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर सरकारी संपत्ति हथियाने के लिए भू माफ़िया की कार्रवाई करे। बचा हिस्सा शीघ्र तोड़कर जमीन को कब्जा मुक्त कराए। जितने वर्षों तक सरकारी भूमि पर अवैध क़ब्ज़ा रहा है उसकी एक-एक पाई वसूल करे। अब बात मजार की… देवरिया में मजार को ध्वस्त करने के बाद सोमवार को मस्जिद के चबूतरे पर बुलडोजर चलाया गया। अब मस्जिद को गिराया जाएगा। मस्जिद में सोमवार को आखिरी नमाज पढ़ी गई। 50 साल पुरानी अवैध मजार पर सोमवार को 2 बुलडोजर, एक-एक पोकलेन और जेसीबी करीब 8 घंटे तक चले। इस दौरान 4000 स्क्वायर फीट का हॉल, उसके सभी 26 पिलर और दक्षिण साइड की दीवार गिराई गई। एसडीएम सदर ने ध्वस्तीकरण को लेकर शुक्रवार को नोटिस दिया था। रविवार को 6 घंटे ध्वस्तीकरण की कार्रवाई चली, जिसमें मेन गेट, बाउंड्री, छह पिलर, तीन दुकानें और गुंबद को तोड़ा गया था। सोमवार सुबह 11 बजे नगर पालिका की टीम पहुंची। 12 थानों के 350 पुलिसकर्मियों ने पहले पूरे एरिया की घेराबंदी की। इसके बाद ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू हुई। ये कार्रवाई देवरिया शहर में रेलवे ओवरब्रिज के पास स्थित अब्दुल गनी शाह बाबा की मजार पर की गई। एसडीएम सदर श्रुति शर्मा ने बताया कि जिस जमीन पर मजार बनी है, वह बंजर भूमि है। 2 तस्वीरें देखिए… ​​​​​​पढ़िए कब से शुरू हुआ विवाद…
अब्दुल शाह गनी मजार गोरखपुर रोड ओवरब्रिज से सटी हुई जगह पर बनी है। 2019 में इसकी पहली शिकायत तत्कालीन जिलाधिकारी से की गई। डीएम ने आरबीओ जेई, तहसीलदार, लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को मौका मुआयना करने और प्रभावी कार्रवाई का निर्देश दिया था। 14 दिसंबर 2019 को विपक्षी प्रबंध समिति को नोटिस जारी किया गया। इसके बाद से ही लगातार तारीख पर तारीख पड़ रही थी। शुक्रवार को एसडीएम कोर्ट में इसकी सुनवाई हुई। अपर जिला शासकीय अधिवक्ता राजस्व जयदीप गुप्ता ने बताया कि एसडीएम कोर्ट ने इस भूमि को पहले ही बंजर घोषित कर दिया था। कोर्ट में बचाव पक्ष से मानचित्र मांगा गया, लेकिन न तो मानचित्र मिला और न ही कब का मजार बना है, उसके ही कागजात दिए गए। इसके बाद नोटिस जारी करके ध्वस्तीकरण की कार्रवाई का आदेश दिया गया। पढ़ें पूरी खबर… ———————— मजार से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें देवरिया में 50 साल पुरानी मजार गिराई गई:3 बुलडोजर से गेट-बाउंड्री तोड़ा, गुंबद ढहाया देवरिया में रविवार को 50 साल पुरानी अवैध मजार गिराई गई। करीब 6 घंटे तक 3 बुलडोजर ने मजार परिसर में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। मेन गेट, बाउंड्री, 6 पिलर, 3 दुकानें और गुंबद को तोड़ा गया। इसके बाद आज की कार्रवाई रोक दी गई। अब सोमवार को 11 बजे के बाद फिर से ध्वस्तीकरण शुरू होगा। बेसमेंट का छत और हॉल तोड़ा जाएगा। नगर पालिका ने ध्वस्तीकरण को लेकर शुक्रवार को नोटिस दिया था। रविवार दोपहर करीब 12 बजे 6 थानों की 300 पुलिस फोर्स के साथ नगर पालिका की टीम गोरखपुर ओवरब्रिज से सटी मजार को तोड़ने पहुंची। परिसर को खाली कराने के बाद घेराबंदी की गई। फिर मजार का ध्वस्तीकरण शुरू किया गया। इस दौरान एसडीएम श्रुति शर्मा भी मौके पर मौजूद रहीं। पढ़ें पूरी खबर