सड़क पर गोवंशों के कटे सिर रखकर हाईवे किया जाम:करनाल नहर में फिर मिले अवशेष; पुलिस से गोरक्षक बोले- पहले आरोपी पकड़ो

Spread the love

करनाल जिला के इंद्री क्षेत्र में पश्चिमी यमुना नहर के पास गोवंश के अवशेष मिलने का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा। बुधवार को 7 गोवंश के अवशेष मिलने के बाद गुरुवार को फिर 5-6 गोवंश के कटे हुए सिर मिलने से इलाके में तनाव बढ़ गया। घटना से गुस्साए गोरक्षकों ने इंद्री कोर्ट के सामने स्टेट हाईवे पर अवशेष रखकर जाम लगा दिया। पुलिस मौके पर पहुंची और समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे। बुधवार को सामने आया था पहला मामला धमनहेड़ी गांव के पास बुधवार दोपहर कुछ लोग नहर किनारे से गुजर रहे थे। इसी दौरान उन्हें गोवंश के अवशेष दिखाई दिए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और अवशेषों को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए उचानी के पशुधन केंद्र भिजवाया गया। ग्रामीणों ने बताया कि नहर किनारे कटे हुए सिर पड़े थे, जबकि कुछ पैर नहर के अंदर एक ओर पड़े मिले। पास ही हड्डियों का ढांचा और पशुओं की खाल भी पड़ी हुई थी। फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने ब्लड सैंपल लिए और पूरे क्षेत्र का बारीकी से निरीक्षण किया। हालांकि मौके से कोई हथियार बरामद नहीं हो सका। पुलिस ने आसपास के खेतों में भी तलाशी अभियान चलाया। डीएसपी सतीश गौतम ने बताया कि प्रारंभिक जांच में 7 गोवंश के अवशेष मिलने की पुष्टि हुई है। सभी अवशेषों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, जिससे मौत के कारणों का पता लगाया जा सके। उन्होंने कहा कि मामला गोवंश की हत्या से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। गुरुवार को फिर मिले कटे हुए सिर पहली घटना के अगले ही दिन गुरुवार को उसी नहर के पास फिर 5-6 गोवंश के कटे हुए सिर मिलने से लोगों में आक्रोश फैल गया। घटना की सूचना मिलते ही गोरक्षक मौके पर पहुंचे और विरोध शुरू कर दिया। गोरक्षकों ने कटे हुए सिर अपने साथ लेकर इंद्री कोर्ट के सामने स्टेट हाईवे पर रख दिए और सड़क पर बैठकर जाम लगा दिया। जाम के कारण वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित हुआ। मांग पर अड़े रहे प्रदर्शनकारी गोरक्षा दल के प्रधान मोनू राणा ने कहा कि यह घटना हिंदू भावनाओं को आहत करने वाली है और इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक जाम जारी रहेगा। उन्होंने 24 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी, नहर पर गश्त बढ़ाने, सीसीटीवी कैमरे लगाने और संदिग्ध गौशालाओं की जांच की मांग की। पुलिस ने किया समझाने का प्रयास प्रदर्शन की सूचना मिलते ही इंद्री थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और गोरक्षकों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। बाद में डीएसपी सतीश गौतम भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और उनकी मांगों पर गंभीरता से काम किया जाएगा। प्रशासन ने की जांच तेज पुलिस प्रशासन ने मामले की जांच तेज कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा, ताकि क्षेत्र में शांति बहाल की जा सके।