दक्षिण पूर्व 9 और पश्चिम में 7 सितम्बर तक तेज बारिश की संभावना
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि पूर्वी भारत के ऊपर बना वेल मार्क लो प्रेशर कमजोर होकर पुन: कम दबाव के क्षेत्र के रूप में उत्तरी छत्तीसगढ़ व एमपी के ऊपर अवस्थित है। इसके आगामी 24 घंटों में पश्चिम उत्तर पश्चिम की ओर आगे बढऩे की संभावना है। इसके असर से आगामी 3-4 दिन दक्षिण-पूर्वी भागों के कोटा, उदयपुर संभाग के कुछ भागों में मध्यम से भारी व कहीं-कहीं अति भारी बारिश होने की संभावना है। जयपुर, भरतपुर, अजमेर संभाग के कुछ भागों में माध्यम से कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। जोधपुर, बीकानेर संभाग के कुछ भागों में आगामी दिनों में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने व जोधपुर संभाग में 5 से 7 सितंबर के दौरान कहीं-कहीं भारी व अतिभारी बारिश होने की संभावना है।
जयपुर में आधा इंच से ज्यादा बारिश, पारा चढ़ा
जयपुर में सुबह और दोपहर बाद हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। जयपुर में 16 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। दिनभर बादलों के बीच से धूप खिली। इससे जयपुर के दिन के पारे में बढ़ोतरी दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 32.3 और न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री दर्ज किया गया।
बीसलपुर बांध में लगातार पानी की आवक में इजाफा हो रहा है। गुरुवार को बीसलपुर बांध के 6 गेट खोल कर पानी की निकासी जारी रही। बीसलपुर बांध के 6 गेट खोलकर 48080 क्यूसेक पानी की निकासी की जा रही है। वर्तमान में 10 और 11 नम्बर गेट 2 मीटर तो वहीं 8,9,12 एवं 13 नंबर गेट 1 मीटर खोलकर पानी छोड़ा जा रहा है।
