दुर्गापूजा के दौरान भारी बारिश की संभावना:आज रांची-बोकारो और हजारीबाग सहित 8 जिलों में हेवी रेन का अलर्ट

दुर्गापूजा के दौरान भारी बारिश की संभावना:आज रांची-बोकारो और हजारीबाग सहित 8 जिलों में हेवी रेन का अलर्ट
Share Now

झारखंड में हो रहे दुर्गापूजा पर भारी बारिश का साया मंडरा रहा है। रांची स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी गुजरात से यूपी होते हुए आगे बढ़ रही है। इसी बीच बंगाल की खाड़ी से लगे ओडिशा में बना डिप्रेशन पश्चिम की ओर बढ़ते हुए झारखंड पर असर डाल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में दक्षिण ओडिशा और छत्तीसगढ़ होते हुए यह सिस्टम कमजोर पड़ सकता है। हालांकि, इसके चलते राज्य में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहेगी। फिर से सक्रिय हो गया है मानसून प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। अगले कुछ दिनों तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश की गतिविधियां तेज होगी। रांची, बोकारो, हजारीबाग, धनबाद, गिरिडीह, गढ़वा, गोड्डा और चाईबासा समेत कई जिलों में अगले 24 घंटे के भीतर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक पिछले 24 घंटों में कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 117.4 मिमी वर्षा सोनुआ (पश्चिम सिंहभूम) में रिकॉर्ड हुई। वहीं, तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। सबसे अधिक तापमान 35.4°C गढ़वा में रहा। सबसे न्यूनतम 20.7°C लातेहार में दर्ज किया गया। अंडमान में भी बन रहा नया लो प्रेशर मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक अधिकतम तापमान में बड़ी बढ़ोतरी की संभावना नहीं है। राज्य के ज्यादातर इलाकों में तापमान सामान्य से 1 से 2 डिग्री के दायरे में रहेगा। वहीं, 30 सितंबर को अंडमान सागर में नया चक्रवातीय दबाव बनने की संभावना है, जिसका असर एक अक्टूबर के आसपास झारखंड पर दिख सकता है। वहीं राज्य के कई हिस्सों में अगले तीन दिनों तक अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। इस दौरान गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगा। 28 सितंबर यानी आज कुछ जिलों में तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी दी गई है। इस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा तक हो सकती है। इसके अलावा 29 और 30 सितंबर को राज्य के कई स्थानों पर गरज के साथ बारिश की संभावना बनी रहेगी। अक्टूबर की शुरुआत में भारी बारिश की आशंका मौसम विभाग ने 1 और 2 अक्टूबर को राज्य के कई हिस्सों में मध्यम से तेज बारिश का पूर्वानुमान जताया है। खासकर पूर्वी और उत्तर-पूर्वी झारखंड के जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश भी हो सकती है। वहीं 3 अक्टूबर को राज्य के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने किसानों और आम लोगों से सतर्क रहने और मौसम के अनुसार तैयारी करने की अपील की है। इस मानसून अब तक 19 % अधिक बारिश 01 जून से 27 सितंबर तक झारखंड में औसतन 1196.2 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य 1007.8 मि.मी. से 19 प्रतिशत अधिक है। इससे राज्य को अधिक वर्षा की श्रेणी में रखा गया है। सबसे अधिक बारिश रामगढ़, रांची, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में दर्ज की गई है। जहां सामान्य से 30 से 50 प्रतिशत अधिक बारिश हुई। वहीं, गढ़वा, गिरिडीह और पाकुड़ जिलों में औसत से 6 से 32 प्रतिशत तक कम वर्षा दर्ज की गई। बात सितंबर माह में बारिश की करें तो 1 से 27 सितंबर तक 185.3 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य 209 मिमी से लगभग 11 प्रतिशत कम है।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *