फरीदाबाद में महिला संगीता देवी की हत्या के मामले में खुलासा हुआ है। संगीता के भाई का कहना है कि जीजा दिलीप बहन की नौकरी से खुशी नहीं था। तीन साल पहले भी इसी बात को लेकर इनके बीच झगड़ा होता था, जिसके कारण मामला तलाक तक पहुंच गया। 20 फरवरी की रात संगीता नोएडा स्थित एक कंपनी से काम करके लौट रही थी। दिलीप उसके घर पर गया था, लेकिन उसे संगीता नहीं मिली। जब वह जाने लगा तो घर से कुछ दूरी पर उसे संगीता मिल गई। दिलीप ने फिर से नौकरी को लेकर उससे झगड़ा किया और फिर पिस्टल निकालकर उसकी छाती में दो गोलियां मार दीं और फरार हो गया। पल्ला थाना पुलिस फिलहाल इस मामले की जांच कर रही है। दिलीप समेत एक अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। घटना के बाद से दिलीप फरार है। अब जानिए संगीता के भाई ने क्या आरोप लगाए…. 2 बेटियों के साथ रह रही थी संगीता संगीता के भाई विकास ने बताया कि बहन सनलाइट कॉलोनी में अपनी 2 बेटियों के साथ रहती थी। 11 साल की बड़ी बेटी छठी और 5 साल की दूसरी बेटी पहली क्लास में पढ़ती है। संगीता 5 महीने से नोएडा की एक मोबाइल पार्ट बनाने वाले कंपनी में पैकेजिंग डिपार्टमेंट में काम कर रही थी। उसका पति दिलीप ड्राइवर है। घर से भागकर संगीता ने शादी की विकास ने बताया कि दिलीप और संगीता की लव मैरिज करीब 12 साल हुई थी। इस शादी को लेकर घरवालों की कोई सहमति नही थी। संगीता अपनी ग्रेजुऐशन की पढ़ाई कर रही थी। इसी दौरान दिलीप ने संगीता को अपनी बातों में फंसा लिया। जिसके बाद वह संगीता को घर से भगाकर ले गया। इसके बाद दोनों कोर्ट मैरिज करके घर वापस आ गए। शादी के बाद दिलीप मारपीट करने लगा विकास के मुताबिक, शादी के कुछ साल बाद सब ठीक रहा ,लेकिन फिर दिलीप ने काम करना बंद कर दिया और संगीता के कंधों पर घर की जिम्मेदारी आ गई। दिलीप संगीता के साथ मारपीट करता था। बच्चों की पढ़ाई से लेकर दूसरे प्रकार का कोई खर्च नहीं उठाता। मारपीट को लेकर पुलिस को शिकायत भी दी थी, लेकिन दिलीप के माफी मांगने पर घरवालों ने बात को आगे नहीं बढ़ाया। 3 साल से अलग-अलग रह रहे थे विकास ने बताया कि दिलीप और संगीता लगभग 3 साल पहले अलग हो गए थे। संगीता ने तलाक के लिए दिल्ली के साकेत कोर्ट में मुकदमा दायर किया था, जिसको लेकर पहले भी दोनों के बीच विवाद हो चुका था। दिलीप कोर्ट की तारीखों पर नहीं पहुंचता था। मुकदमे की शुरुआत में वह केवल पहली तारीख पर आया था, जिसके बाद वह तारीखों पर गायब रहा। झगड़ों के कारण नौकरी छोड़ी परिवार के मुताबिक, संगीता पहले भी नौकरी करती थी, लेकिन दिलीप के झगड़ा करने से तंग आकर उसने नौकरी छोड़ दी थी। 5 महीने पहले ही उसने फिर से नोएडा की कंपनी में नौकरी शुरू की थी। 20 फरवरी की रात संगीता कंपनी से सीधी अपनी मां के पास इस्माइलपुर में चली गई। यहां से जब वह सनलाइट कॉलोनी आ रही थी तो कुछ ही दूरी पर दिलीप ने जॉब करने को लेकर उसके साथ झगड़ा किया और गोलियां मार दी। पुलिस बोली- दो पर मामला दर्ज किया पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि पल्ला थाना पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर आरोपी दिलीप और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। दोनों को पकड़ने के लिए क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस की टीमें छापेमारी कर रही हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। ————————- ये खबर भी पढ़ें :- फरीदाबाद में पत्नी की गोलियां मारकर हत्या: 12 साल पहले लव मैरिज की, तलाक का केस चल रहा; घर पर नहीं मिलने पर विवाद
फरीदाबाद में व्यक्ति ने अपनी पत्नी की बीच सड़क गोलियां मारकर हत्या कर दी। विवाद घर पर न मिलने से हुआ। व्यक्ति कहीं बाहर से आया था। जब पत्नी घर पर नहीं मिली तो वह बाहर चला गया। रास्ते में पत्नी उसे मिल गई। इसके बाद दोनों के बीच कहासुनी हो गई। पढ़ें पूरी खबर….
‘पत्नी की नौकरी के खिलाफ था, इसलिए हत्या की’:फरीदाबाद में भाई बोला- जीजा इसी बात पर झगड़ता था, बहन ने तलाक का केस डाला
