कुरुक्षेत्र के लाडवा में हरियाणा रोडवेज के कंडक्टर ने चलती बस से युवक को धकेलकर नीचे उतार दिया। बस की खिड़की पर लटके युवक से पहले तो कंडक्टर काफी देर तक बहसता रहा, इसके बाद उसे नीचे उतरने पर अड़ गया। पूरे मामले के दौरान एक राहगीर घटना का वीडियो बना लेता है। वीडियो में कंडक्टर उस युवक को चलती बस से उतारने की कोशिश करता है। जब वीडियो बनाने वाला युवक इस पर टोकता है, तो कंडक्टर उसे ही बरस पड़ता है और कहता है- जा कर दिए कंप्लेंट, वीडियो भी बना ले, मैं डरता कोनी। दरअसल, बस फतेहाबाद डिपो की है और हरिद्वार से सिरसा लौट रही थी। बस लाडवा से होकर गुजर रही होती है तभी कंडक्टर युवक को बस में चढ़ने नहीं देता और नीचे उतारने लगता है। बाद में बस रुकती है, तो युवक खुद बस से उतर जाता है। अब सिलसिलेवार जानिए VIDEO में क्या दिख रहा… हरिद्वार से सिरसा लौट रही थी बस फतेहाबाद डिपो की बस हरिद्वार से सिरसा लौट रही थी। फतेहाबाद से इसके चलने का टाइम सुबह करीब 9.50 बजे है। कंडक्टर वीरेंद्र सिंह मूल रूप से फरीदाबाद का है। इसे करीब एक साल पहले फतेहाबाद डिपो में तैनात किया गया है। ड्यूटी इंचार्ज बोले- चलती बस में चढ़ा था युवक मामला सामने आने पर ड्यूटी इंचार्ज शिव दयाल ने बताया है कि मामले में अभी कोई कार्रवाई नहीं हुई है। किसी की शिकायत रोडवेज प्रशासन के पास नहीं पहुंची है। कंडक्टर उस युवक को इसलिए धमकाते हुए कह रहा है कि चलती बस में क्यों चढ़ा। इसी कारण वो उसे उतार रहा था। हालांकि, उसे चलती बस से नहीं उतारना चाहिए था। कंडक्टर बोला- हादसा होने का डर था कंडक्टर वीरेंद्र सिंह ने दैनिक भास्कर ऐप से बातचीत में बताया कि युवक चलती बस में बंद दरवाजे पर लटक गया था। ऐसे हादसा हो जाता तो कौन जिम्मेदार होता। इसलिए युवक से कहा था कि बस में चढ़ना हो तो स्टैंड से चढ़ते। मोटरसाइकिल पर जा रहे दो युवकों में से एक ने ये वीडियो बनाई है।
चलती बस से हरियाणा रोडवेज कंडक्टर ने युवक को धकेला,VIDEO:कुरुक्षेत्र में बोला- जा कर दिए कंप्लेंट, डरता कोनी; नीचे उतरना ही पड़ेगा
