हरियाणा CM बोले- पंजाब में चुटकुलों की सरकार:लुधियाना पहुंचे सैनी ने पूछा- किसी महिला को ₹1100 मिले, हम ₹2100 महीना दे रहे

Spread the love

हरियाणा के CM नायब सैनी रविवार को पंजाब के लुधियाना पहुंचे। यहां उन्होंने एक रैली को संबोधित करते हुए पंजाब की मान सरकार पर निशाना साधा। CM सैनी ने कहा कि पंजाब में चुटकुलों की सरकार चल रही है। उन्हीं चुटकुलों से लोगों के पेट भरे जा रहे हैं। उन्होंने कहा- आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार ने महिलाओं को 1100 रुपए महीना देने का वादा किया था, जो अब तक पूरा नहीं हुआ। क्या किसी महिला को 1100 रुपए मिले? जबकि हम हरियाणा में हर महिला को 2100 रुपए महीना दे रहे हैं। हमने जो वादे किए थे, हम उन्हें पूरा कर रहे हैं। रैली से पहले CM नायब सिंह सैनी श्री माछीवाड़ा साहिब में ऐतिहासिक गुरुद्वारा चरण कंवल साहिब में नतमस्तक हुए। उन्होंने माथा टेक प्रसाद ग्रहण किया। इसके बाद गुरुद्वारा साहिब की परिक्रमा की। CM सैनी ने गुरुद्वारा साहिब के इतिहास की जानकारी ली। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने उनका सम्मान भी किया। उनके स्वागत के लिए देहात लीडरशिप भी मौजूद रही। रैली में CM नायब सैनी ने क्या-क्या अहम बात कही… खुद को खुशकिस्मत समझता हूं रैली में CM नायब सैनी ने कहा- आज मैं खुद को खुशकिस्मत समझता हूं कि मैं गुरु गोबिंद सिंह जी की उस धरती में माथा टेकने पहुंचा हूं, जहां उन्होंने तपस्या की। गुरुओं ने इस देश, समाज और धर्म के लिए बड़ी कुर्बानियां दी हैं। इतिहास हमेशा उन्हें स्मरण करता रहेगा। यह हमारे लिए गर्व की बात है कि गुरुओं की शिक्षाओं और बलिदान के कारण हम आज आजादी की सांस ले रहे हैं। CM सैनी ने दिल्ली की पूर्व CM आतिशी मामले में कहा- कुछ लोग इस तरह की बातें कर अपनी राजनीति चमकाना चाहते हैं। गुरुओं ने जो हमें शिक्षा दी है, जो संघर्ष किए हैं, उसके लिए गलत बोलना तो दूर की बात गलत सोचना भी पाप है। गृहमंत्री ने गुरुओं को लेकर बड़ी बात कही उन्होंने कहा- देश के गृहमंत्री अमित शाह ने वीर बाल दिवस पर जो बात की, वह बड़ी बात है। उन्होंने कहा था कि यदि गुरु तेगबहादुर जी, गुरु गोबिंद सिंह जी कुर्बानी न देते तो आज इतिहास ही कुछ और होता। पूरे इतिहास में आज तक सुनने को नहीं मिला कि इतनी बड़ी कुर्बानी किसी ने दी हो। CM सैनी ने कहा कि गुरु साहिब ने अपने जीवन के कठिन समय में भी धैर्य, साहस और विश्वास नहीं छोड़ा। सिरसा नदी का बिछड़ना, चारों साहिबजादों की शहादत का दर्द, चारों तरफ मुगलों का पहरा ऐसे समय में माछीवाड़ा के जंगलों में गुरु साहिब ने फरमाया था- मित्तर प्यारे नू हाल मुरीदां दा केहना। यह गुरु गोबिंद सिंह जी की वाणी है। यहां मुक्तेश्वर चेहलां भोले नाथ जी का मंदिर है, जहां से मुक्ति मिलती है। इस पावन धरा पर पहुंच कर मैं धन्य हो गया। पंजाब में AAP और कांग्रेस ने वादे पूरे नहीं किए रैली में CM सैनी ने कहा- पंजाब में चाहे कांग्रेस की सरकार हो या केजरीवाल की। लोगों के साथ जो वादे किए, किसी ने पूरे नहीं किए। मैंने हरियाणा की जनता से 217 वादे किए थे। 1 साल पूरा होने पर 53 वादे हमारी सरकार ने पूरे कर दिए थे। यह वित्तीय वर्ष जब समाप्त होगा, तब हमारी सरकार 163 वादे पूरे करने जा रही है। सैनी ने कहा- मैं मान साहब से पूछना चाहता हूं कि जो इतनी बड़ी बाढ़ आई थी, उसमें कितना मुआवजा उन्होंने किसानों को दिया? हरियाणा में यदि बाढ़ में किसी की छत भी गिरी है तो उसका मुआवजा भी हमने दिया। किसानों की फसल खराब होने पर हमने 116 करोड़ रुपए दिए हैं। यह AAP सरकार पंजाब में काम नहीं कर रही, बल्कि चुटकलों की सरकार चल रही है। किसानों को 15 हजार करोड़ रुपए मुआवजा दिया
उन्होंने कहा- हरियाणा में मेरे किसान की आलू की फसल का दाम कम मिल रहा है। उसकी भरपाई हमारी सरकार खुद करती है। किसान की यदि फसल 50 रुपए भी सस्ती होती है तो भी किसान को हम घाटा नहीं होने देते। उसे पूरा हम करते हैं। किसानों के खातों में सीधे मुआवजा डाला जाता है। 11 साल में हमारी सरकार ने साढ़े 15 हजार करोड़ रुपए किसानों की फसल खराब होने पर मुआवजा दिया है। पंजाब सरकार को हिसाब देना पड़ेगा कि किसानों को कितने रुपए दिए हैं? लोग काम देखते हैं, लेकिन यह सरकार सिर्फ बातों से पेट भरती है। बुजुर्गों को 3200 रुपए दिए CM सैनी ने आगे कहा- मुझे बताया गया कि पंजाब में मान साहब हमारे बुजुर्गों को 15 रुपए 3 से 4 महीने बाद देते हैं। अपने मेनिफेस्टो में इस सरकार ने कहा था कि हम बुजुर्गों को 2500 रुपए सम्मान भत्ता देंगे। मैं इसने पूछना चाहता हूं कि सरकार के 4 साल पूरे हो गए है। लोग देख रहे कि कब 2500 रुपए देंगे? हरियाणा में बुजुर्गों को हमारी सरकार 3200 रुपए दे रही हैं, ताकि बुजुर्गों का सम्मान कम न हो। सैनी बोले- मैं आज कहना चाहूंगा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आयुष्मान योजना लागू की थी। इस योजना में गरीब परिवारों को 5 लाख रुपए तक का एक साल में इलाज करवाने का अधिकार दिया है, लेकिन मान सरकार और कांग्रेस की सरकार यहां रही है। इन्होंने पंजाब के लोगों की सेहत संबंधी क्या काम किया है? हरियाणा में लोगों को 5 लाख रुपए प्रति साल इलाज मिल रहा है। 11 साल में 25 लाख से अधिक लोगों ने आयुष्मान योजना का लाभ लिया है। मान सरकार ने 4 साल में चुटकलों से लोगों के पेट भरे है। हम 2100 रुपए महीना दे रहे हरियाणा के CM बोले- आज लोग पूछना चाहते हैं कि जो वादे किए थे, वे कहां हैं? आज मैं अपनी बहनों से कहना चाहूंगा कि AAP सरकार जैसे ही कांग्रेस ने भी कई राज्यों में वादा किया था कि वह महिलाओं को 1100 रुपए महीना देगी, लेकिन ये पैसे किसी बहन को नहीं मिला। कोई भी बहन हाथ खड़ा कर बता दे कि उन्हें पैसे मिले हैं। उन्होंने कहा- हमने हरियाणा में घोषणा की थी और प्रत्येक बहन के लिए लाडो लक्ष्मी योजना लॉन्च की। हमने कहा था कि बहनों को 2100 रुपए देंगे। आज हम महिलाओं को 2100 रुपए दे भी रहे हैं। AAP और कांग्रेस सरकार लोगों का सिर्फ शोषण करती हैं।