हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की गुरुवार देर रात अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें सीने में दर्द की शिकायत के बाद तुरंत मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां पता चला कि उन्हें मेजर हार्ट अटैक आया था। शुक्रवार को सर्जन डॉ पीएस महंत की देखरेख में उनकी सर्जरी हुई। फोर्टिस अस्पताल के सूत्रों का कहना है कि अभी उन्हें इंटेंसिव केयर यूनिट (ICU) में रखा गया है। संभावना है कि एक-दो दिन बाद प्राइवेट रूम में शिफ्ट किया जाए। रस्तोगी को 2 महीने के बेड रेस्ट की सलाह दी गई है। अनुराग रस्तोगी 1990 बैच के IAS अधिकारी हैं। उन्होंने हरियाणा सरकार में कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। उनका रिटायरमेंट 30 जून 2025 को निर्धारित था, लेकिन राज्य सरकार ने उनके कार्यकाल को एक साल के लिए बढ़ाते हुए 30 जून 2026 तक एक्सटेंड कर दिया। वह उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के रहने वाले हैं। हरियाणा के पंचकूला और गुरुग्राम में आवासीय फ्लैट हैं। ये जानकारी मुख्य सचिव की ओर से अप्रैल 2025 में केंद्र सरकार के पोर्टल पर दी गई थी। मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी से जुड़ी कुछ बातें… रस्तोगी ने पिछले साल जून में 60वां जन्मदिन मनाया
1990 बैच के आईएएस हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी का 60 साल के हो चुके हैं। पिछले साल 30 जून को उन्होंने 60वां जन्मदिन मनाया था। वह सूबे के पहले ऐसे आईएएस हैं, जिन्हें दो बार प्रदेश का मुख्य सचिव बनने का मौका मिला है। केंद्र सरकार ने उन्हें राज्य सरकार की सिफारिश पर एक साल की एक्सटेंशन दी है। इस एक्सटेंशन में उन्हें केंद्र सरकार के सर्विस रूल-थ्री का फायदा मिला है। 19 जून को इस संबंध में केंद्र सरकार ने हरियाणा सरकार को अपनी स्वीकृति का लेटर भेजा था, जिसके बाद प्रदेश सरकार द्वारा इस बारे में 20 जून को आदेश जारी किए थे। रस्तोगी का मुख्य सचिव के पद पर ये दूसरा कार्यकाल
मुख्य सचिव बनने से पहले आईएएस अनुराग रस्तोगी वित्त आयुक्त, राजस्व और अतिरिक्त मुख्य सचिव (वित्त) के पद पर कार्यरत थे। 31 अक्टूबर 2024 को टीवीएसएन प्रसाद के सेवानिवृत्त होने के बाद उन्होंने 3 दिनों तक मुख्य सचिव के रूप में कार्य किया था। हालांकि जोशी को मुख्य सचिव नियुक्त किया गया था, लेकिन सरकार ने यह कार्यभार रस्तोगी को तब तक के लिए सौंप दिया था, जब तक जोशी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर थे। 4 नवंबर, 2024 को जोशी ने कार्यभार ग्रहण किया था। रस्तोगी का मुख्य सचिव के पद पर ये दूसरा कार्यकाल है। सीनियॉरिटी को दरकिनार कर रस्तोगी को बनाया CS
प्रदेश में मुख्य सचिव बनने की रेस में सीनियॉरिटी के हिसाब से सबसे आगे सुधीर राजपाल थे, जबकि, नंबर 2 पर सुमिता मिश्रा थीं। मगर, हरियाणा सरकार ने इन दोनों की सीनियॉरिटी को दरकिनार कर रस्तोगी को मुख्य सचिव बनाया था। दो साल पहले जब सीनियॉरिटी का मुद्दा उठा था, तब सुधीर और सुमिता को लेकर बाहरी कैडर का होने की बात कही गई थी। इसके बाद सरकार ने सीनियॉरिटी को दरकिनार कर अनुराग रस्तोगी को मुख्य सचिव की कमान दी। IPS पूरन कुमार सुसाइड केस में भी सीएस का नाम
हरियाणा के सीनियर आईपीएस अधिकारी वाई पूरन कुमार के सुसाइड केस में भी मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी का नाम है। इस मामले में जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) चीफ सेक्रेटरी अनुराग रस्तोगी को जांच में शामिल कर चुकी है। तीन दिन पहले भी टीम ने एक घंटे तक सचिवालय में रहकर मुख्य सचिव से पूछताछ की थी। एसआईटी ने उनसे पूरन कुमार द्वारा लगाए गए आरोपों और सुसाइड नोट में दर्ज तथ्यों को लेकर विस्तार से पूछताछ की। हालांकि अभी तक इस मामले में मुख्य सचिव की ओर से कोई जानकारी या बयान साझा नहीं किया गया है। ———————— ये खबर भी पढ़ें… हरियाणा चीफ सेक्रेटरी से IPS सुसाइड केस में पूछताछ:सचिवालय में 1 घंटे तक रही चंडीगढ़ SIT; एसएसपी ने पूछे कई सवाल, डॉक्यूमेंट मांगे हरियाणा IPS वाई पूरन कुमार सुसाइड केस में चंडीगढ़ पुलिस की SIT की जांच जारी है। सोमवार देर शाम इस मामले की जांच कर रही चंडीगढ़ पुलिस की एसआईटी टीम सिविल सचिवालय पहुंची। जहां एक घंटे से अधिक समय तक हरियाणा के चीफ सेक्रेटरी (CS) अनुराग रस्तोगी से पूछताछ की। दिवंगत आईपीएस के सुसाइड नोट में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी का भी नाम है। (पूरी खबर पढ़ें)
हरियाणा के मुख्य सचिव की सर्जरी हुई:हार्ट अटैक के बाद ICU में भर्ती, 2 महीने बेड रेस्ट की सलाह
