भगवान चित्रगुप्त सर्व समाज के आराध्य: सुबोध कांत सहाय

Spread the love

हरिद्वार, 5 अक्टूबर । अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय ने कहा कि भगवान चित्रगुप्त को न्याय का देवता माना जाता है, जो जीवों के कर्मों का निष्पक्ष लेखा-जोखा रखते हैं। उन्हें ब्रह्मा के मानस पुत्र और कायस्थ जाति का आदिपुरुष भी कहा जाता है। किंतु वह सर्व समाज के आराध्य हैं।

पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय रविवार काे यहां भूपतवाला स्थित चित्रकूट आश्रम के सामने गंगा घाट पर भगवान श्री चित्रगुप्त दिव्य संगीतमय कथा में शामिल हुए। पूर्व केंद्रीय मंत्री सहाय ने कहा कि भगवान चित्रगुप्त की कथा हरिद्वार में हर वर्ष होनी चाहिए। इस मौके पर कथा व्यास चित्रगुप्ताचार्य डॉ. स्वामी सच्चिदानंद ने कहा कि भगवान चित्रगुप्त ज्ञान और विद्या के भी देवता हैं। उनकी पूजा से विद्यार्थियों को एकाग्रता और स्मरण शक्ति मिलती है। उनकी पूजा मुख्य रूप से यम द्वितीया (भाई दूज) के दिन की जाती है, विशेष रूप से कायस्थ समुदाय के लोग उनकी आराधना करते हैं।

उल्लेखनीय हरिद्वार में भूपतवाला स्थित चित्रकूट आश्रम के सामने गंगा घाट पर श्री चित्रगुप्त पीठ वृंदावन के पीठाधीश्वर जगतगुरु श्री चित्रगुप्ताचार्य डॉ. स्वामी सच्चिदानंद चित्रगुप्त महाराज के श्रीमुख से भगवान श्री चित्रगुप्त दिव्य संगीतमय कथा का आयाेजन हुआ। इसमें देशभर से पधारे कायस्थ समाज के लोगों ने कथा का आनंद लिया।

इस मौके पर अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के राष्ट्रीय महासचिव कृष्ण मोहन कुलश्रेष्ठ, मुकेश श्रीवास्तव, कार्यवाहक अध्यक्ष, जस्टिस लोकपाल, ब्रिगेडियर अनिल श्रीवास्तव, अनुप कुमार श्रीवास्तव, आलोक कुमार श्रीवास्तव, इंडिया न्यूज के मैनेजिंग एडिटर राकेश सिंह, राष्ट्रीय जनता दल यूनाइटेड के प्रदेश अध्यक्ष मोहित नवानी, मुकेश कुमार, राजनीतिक प्रदेश अध्यक्ष रवि शरण, सुशील सक्सेना, गगन श्रीवास्तव, वीके निगम, प्रखर मिश्रा, पीयूष निगम सहित अन्य तमाम लोग मौजूद रहे।