हांसी में SI बोला- ‘चाहे प्रधानमंत्री तक शिकायत कर दो…’:पुलिस और बैंक मैनेजर का VIDEO वायरल; चालान को लेकर बहस

Spread the love

हरियाणा के हांसी में पुलिस चेकिंग के दौरान एक सब इंस्पेक्टर और बैंक के सीनियर मैनेजर के बीच तीखी बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस घटना ने पुलिस के व्यवहार पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यह घटना शनिवार शाम की बताई जा रही है। वायरल वीडियो में हांसी की अनाज मंडी चौकी के इंचार्ज सब इंस्पेक्टर धर्मबीर सिंह एक कार ड्राइवर से बहस करते दिख रहे हैं। कार ड्राइवर की पहचान इंडियन बैंक के सीनियर मैनेजर विक्रांत बामल के रूप में हुई है, जो फिलहाल लुधियाना में कार्यरत हैं। वे अपने परिवार के साथ हांसी के सेक्टर-5 स्थित निर्माणाधीन मकान को देखकर घर लौट रहे थे। बैंक कर्मी बोले- डॉक्यूमेंट्स होने के बाद भी चालान किया जानकारी के अनुसार, हांसी कोर्ट के पीछे पुलिस चेकिंग के दौरान SI ने उनकी गाड़ी रोकी और दस्तावेजों की जांच की। बैंक मैनेजर विक्रांत बामल का दावा है कि उनके पास गाड़ी के सभी डॉक्यूमेंट्स पूरे थे, फिर भी पुलिस ने उनका चालान कर दिया। परिजनों ने बताया कि कार में उनकी माता, पत्नी और छोटे बच्चे भी मौजूद थे, जो पुलिसकर्मी की ऊंची आवाज सुनकर घबरा गए। पुलिसकर्मी ने कहा- चाहे प्रधानमंत्री तक शिकायत कर दो वायरल वीडियो में पुलिसकर्मी कथित तौर पर अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए और यह कहते हुए सुनाई दे रहा है, ‘चाहे प्रधानमंत्री तक शिकायत कर दो, कुछ नहीं होगा।’ इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर लोगों में भारी नाराजगी है। वीडियो को लाखों बार देखा जा चुका है और हजारों लोगों ने पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उचित कार्रवाई की मांग घटना के बाद विक्रांत बामल ने मामले की लिखित शिकायत SP को देने का फैसला किया है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है। खबर लिखे जाने तक पुलिस की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।