यूपी के 27 जिलों में ओले-बारिश का अलर्ट, आंधी चलेगी:30 शहरों में कोहरा, बर्फीली हवाओं ने बढ़ाई गलन; 3 दिन बिगड़ा रहेगा मौसम

Spread the love

यूपी में बारिश और ओले गिरने से मौसम बिगड़ गया है। आज यूपी के 27 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और ओले का अलर्ट है। 16 जिलों में आंधी भी चल सकती है। इस बीच गाजियाबाद, आगरा, मेरठ समेत 30 जिलों में कोहरा छाया है। कई जगह विजिबिलिटी शून्य तक सिमट गई। बर्फीली हवाओं से गलन बढ़ गई है। सड़कों पर सन्नाटा है। गाड़ियों से बाहर निकले लोग गर्म कपड़ों, ग्लब्स में दुबके दिखाई दिए। जगह-जगह लोग अलाव ताप रहे हैं। कोहरे के चलते सड़क, रेल और हवाई यातायात चरमरा गया है। कानपुर समेत कई रेलवे स्टेशनों पर 40 से ज्यादा ट्रेनें लेट हैं। लखनऊ में दम्माम से आया विमान आधे घंटे चक्कर लगाकर लौट गया। रविवार को रायबरेली समेत 4 जिलों में 8 गाड़ियां टकराईं। होमगार्ड समेत 2 की मौत हो गई। वन दरोगा समेत 10 लोग घायल हो गए। मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी यूपी के साथ दिल्ली-NCR और उत्तराखंड से सटे तराई क्षेत्रों में गरज-चमक और तेज हवा के साथ बारिश का दौर जारी है। कल बरेली समेत 15 जिलों में दिनभर रुक-रुक कर बारिश होती रही। मुजफ्फरनगर, बिजनौर, शामली और अमरोहा में सड़क पर ओले की सफेद चादर बिछ गई। लोगों ने फावड़े से बर्फ हटाई। सैकड़ों बीघा खड़ी फसलें गिर गईं।
पश्चिमी विक्षोभ के असर से पश्चिमी यूपी में शुरू हुई बारिश रविवार को दिनभर रुक-रुक कर जारी रही। बागपत जिले में सबसे ज्यादा 25 मिलीमीटर बारिश हुई। वहीं, बिजनौर में 16 मिलीमीटर और मुरादाबाद में 15 मिलीमीटर बारिश हुई। तापमान की बात करें तो मुजफ्फरनगर 6.4 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडा रहा। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार और मंगलवार को बारिश का दायरा और बढ़ेगा। इसका असर प्रदेश के मध्यांचल, अवध क्षेत्र और बुंदेलखंड के इलाकों में भी देखने को मिलेगा, जहां बादल गरजने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। तीन दिन यानी 4 फरवरी तक मौसम ऐसा ही रहेगा। लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया- उत्तरी पाकिस्तान के ऊपर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के असर से दक्षिणी हरियाणा के आसपास एक प्रेरित चक्रवाती परिसंचरण बना है। इसी सिस्टम के असर से पश्चिमी यूपी में बारिश शुरू हुई है। यह बारिश आज देर रात से कल सुबह तक प्रदेश के मध्यवर्ती और सटे हुए पूर्वी हिस्सों तक पहुंच सकती है। साथ ही, लगातार दो और पश्चिमी विक्षोभों के असर से 4 फरवरी तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम की तस्वीरें देखिए- आपके शहर में मौसम कैसा है, कोहरे और बारिश को लेकर क्या अलर्ट है? जानने के लिए स्क्रोल करिए…