ग्वालियर के कांग्रेस नेता को ले गई दिल्ली पुलिस:AI समिट के दौरान विरोध प्रदर्शन में शामिल होने का आरोप; पिता बोले- कुछ नहीं बताया

Spread the love

दिल्ली पुलिस ने ग्वालियर से युवक कांग्रेस के पूर्व प्रदेश सचिव जितेंद्र यादव को गिरफ्तार किया है। यादव पर दिल्ली में आयोजित AI समिट 2026 के दौरान अर्धनग्न विरोध प्रदर्शन में शामिल होने का आरोप है। फिलहाल, दिल्ली पुलिस उन्हें अपने साथ ले गई है। मामले पर स्थानीय पुलिस के अधिकारी कुछ भी कहने से बच रहे हैं। वहीं, जितेंद्र के पिता केशव यादव ने कहा कि पुलिस मामले में कुछ ठोस नहीं बता रही है। दरअसल, 20 फरवरी को दिल्ली स्थित भारत मंडपम में युवक कांग्रेस ने AI समिट 2026 में भारत-अमेरिका ट्रेड डील के खिलाफ प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन के कई वीडियो भी सामने आए हैं। इसमें 15-20 कार्यकर्ता हाथ में सफेद रंग की टी-शर्ट लिए हुए हैं। टी-शर्ट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की फोटो लगी है। उस पर लिखा है- PM इज कॉम्प्रोमाइज्ड। इन्हीं वीडियो के आधार पर दिल्ली पुलिस युवक कांग्रेस के नेताओं की पहचान कर कार्रवाई कर रही है। AI समिट में प्रदर्शन की 3 तस्वीरें…
पिता बोले- घर में घुसे, बेटे को थप्पड़ मारे
जितेंद्र यादव ग्वालियर के पटेल नगर सिटी सेंटर में जितेंद्र यादव रहता है।
उनके पिता केशव यादव ने दैनिक भास्कर को पूरा घटनाक्रम बताया। उन्होंने रोते हुए कहा- शनिवार और रविवार की दरमियानी रात करीब 1:30 बजे हम सभी सो रहे थे। जितेंद्र भी अपने कमरे में था। अचानक परिसर के गेट पर किसी की आहट हुई। जब तक हम जागकर बाहर आए, कुछ लोग गेट खोले बिना ही अंदर आ चुके थे। उनमें से कुछ वर्दी में थे तो कुछ सादे कपड़ों में। उन्होंने हमसे जितेंद्र के बारे में पूछा, फिर जबरदस्ती ऊपर उसके कमरे में चले गए। उसे थप्पड़ मारते हुए नीचे ले आए। हमने पूछा तो उनमें से कुछ लोगों ने खुद को यूनिवर्सिटी थाने से बताया तो कुछ लोगों ने क्राइम ब्रांच का स्टाफ होने की बात कही। वे जितेंद्र को सीएसपी लिखी दिल्ली के रजिस्ट्रेशन वाली स्कॉर्पियो गाड़ी में बैठाकर ले गए। हम रात में ही कुछ नेताओं के साथ थाने गए तो उन्होंने हमें बेटे से मिलने भी नहीं दिया। अपने मोबाइल से ही बात कराई थी। बताया कि दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन के मामले में जितेंद्र को हिरासत में लिया है। बेटे को कहां ले गए, कुछ पता नहीं?
केशव यादव ने कहा- रविवार सुबह दोबारा पुलिस के कुछ लोग आए। पूछने पर उन्होंने कहा कि आपके बेटे ने दिल्ली में ऊधम किया है। हमने बताया कि जितेंद्र को तो रात को ही पुलिस ले गई। इसके बाद वे लोग हमारे घर के सभी मोबाइल लेकर चले गए। कुछ देर बाद वही लोग वापस आए, हमारे फोन लौटा दिए। जितेंद्र के कपड़े मांगे। फिर चले गए। अभी तक कुछ पता नहीं है कि हमारा बेटा कहां है? कांग्रेस ने कहा- परिवार को प्रताड़ित किया
कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता आरपी सिंह ने कहा- मामले में कोई आधिकारिक जानकारी अभी तक नहीं दी गई है। युवक कांग्रेस के नेता जितेंद्र यादव के घर पर जाकर पुलिस ने रेड डाली, बल्कि मैं तो यह कहूंगा कि अनाधिकृत रूप से उन्होंने घर में प्रवेश किया। परिवार के लोगों को प्रताड़ित किया। उनके मोबाइल तक जब्त कर लिए। सिंह ने कहा- लगता ही नहीं कि मध्य प्रदेश में कोई कानूनी व्यवस्था है। पूर्ण अराजकता का माहौल है। सुबह से शहर कांग्रेस जिला अध्यक्ष, ग्रामीण जिला अध्यक्ष समेत सभी लोग थाने, एसपी कार्यालय से लेकर क्राइम ब्रांच समेत अन्य स्थानों पर चक्कर लगा रहे हैं। कहीं से कोई जानकारी नहीं मिल रही है। मामले से जुड़ी ये खबर भी पढे़ं… AI समिट में यूथ कांग्रेस का टी-शर्ट उतारकर प्रदर्शन, VIDEO दिल्ली स्थित भारत मंडपम में इंडियन यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को AI समिट 2026 में भारत-अमेरिका ट्रेड डील के खिलाफ प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने टी-शर्ट उतारकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ ‘PM इज कॉम्प्रोमाइज्ड’ के नारे लगाए। दिल्ली पुलिस ने 4 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया है। पढ़ें पूरी खबर…