ग्वालियरः शहर के बाजारों में छाई दीपावली की रौनक

Spread the love

कलेक्टर रुचिका चौहान ने बुधवार की रात वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह के साथ महाराज बाड़ा पहुँचकर दीपावली को ध्यान में रखकर की गई तैयारियों का जायजा लिया। दरअसल, ग्वालियर में उच्च न्यायालय परिसर में डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा को लेकर चल रहे विवाद के बाद कुछ संगठनों ने 15 अक्टूबर को बड़े आंदोलन की चेतावनी दी थी, लेकिन जिला प्रशासन की सख्ती के चलते आंदोलन नहीं हुआ। पूरा शहर पुलिस के पहरे में रहा। इस दौरान बाजार भी खुले और दिनभर शांति के माहौल में जनजीवन रोजमर्रा जैसा चलता रहा। इसी बीच रात में कलेक्टर-एसपी महाराज बाड़ा पहुंच गए।

कलेक्टर रुचिका चौहान ने इस अवसर पर फुटपाथ पर दुकान लगाकर बैठे छोटे-छोटे व्यवसाइयों से चर्चा कर उनके व्यवसाय के बारे में जानकारी ली। साथ ही उन्होंने दीपावली के लिये इनसे छोटे-छोटे व बड़े-बड़े पवित्र दीपक भी खरीदे और महिला दुकानदार को यूपीआई से भुगतान किया। उन्होंने फुटपाथी दुकानों पर रखी पारंपरिक स्वदेशी पूजन सामग्री एवं सजावटी सामान की प्रशंसा की।

कलेक्टर ने नगर निगम व संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि फुटपाथ पर दुकान लगाकर दीपावली के अवसर पर व्यवसाय कर रहे छोटे-छोटे दुकानदारों को कोई तकलीफ नहीं होना चाहिए। इन सबकी सुविधा को ध्यान में रखकर यातायात व्यवस्था को अंजाम दिलायें। व्यवस्था ऐसी हो, जिससे यातायात भी सुचारू बना रहे और छोटे-छोटे दुकानदारों का व्यवसाय भी ठीक से चलता रहे।