जिले के एसपी वैभव बेंकर ने बंदूकें मिलने की पुष्टि करते हुए आज बुधवार काे बताया है कि, सामरी थाना क्षेत्र के चुनचुना पुंदाग और पीपर ढाब के जंगल से ये बंदूकें बरामद की गई हैं। उस जंगल में और भी बंदूकों के मिलने की संभावना के मद्देनजर पुलिस की टीम जंगलों में चप्पे-चप्पे की तलाशी में लगी हुई है। सघन तलाशी अभियान जारी है।
उल्लेखनीय है कि, जहां से ये बंदूक बरामद हो रहे है। वह स्थान संघन वनों से घिरा हुआ है और पहले वह नक्सलियों का गढ़ था। झारखंड की सीमा से लगा हुआ यह जंगल पूरा इलाका बेहद संवेदनशील माना जाता है। हालांकि अब यहां पूरी तरह नक्सलियाें का सफाया हो चुका है। पुलिस और सुरक्षा बलों का वहां स्थाई कैंप स्थापित हो चुका है और निरंतर पुलिस की गश्ती के कारण नक्सलियों के पांव वहां से उखड़ चुके हैं और अमन शांति का माहौल है, लेकिन अब लावारिस बंदूकों के मिलने से फिर से कई तरह की आशंका सर उठाने लगी हैं। हालांकि जिले के एसपी ने बंदूको के मिलने के तार नक्सलियों से होने की आशंका को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि, यह जंगली जानवरों का शिकार करने वालों के हो सकते हैं। बहरहाल, पुलिस द्वारा तलाशी अभियान जारी है। विस्तृत विवरण की प्रतीक्षा है।
