राज्यपाल ने मंडी जिले के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया, हरसंभव सहायता का दिया आश्वासन

Spread the love

इस अवसर पर राज्यपाल ने बताया कि मंडी जिला प्रशासन द्वारा अब तक 890 मामलों में आपदा प्रभावितों को कुल ₹3.26 करोड़ की राहत राशि वितरित की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि यह आपदा इतनी व्यापक है कि इसकी भरपाई करना कठिन है, लेकिन जिला प्रशासन, राज्य सरकार और केंद्र सरकार मिलकर लगातार प्रयास कर रहे हैं ताकि प्रभावित परिवारों को यथासंभव राहत मिल सके।

शुक्ल ने कहा कि राज्य और केंद्र सरकार आपसी समन्वय से राहत, पुनर्वास और पुनर्निर्माण कार्यों को समयबद्ध ढंग से आगे बढ़ा रही हैं। उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिए कि प्रभावितों को शीघ्र आश्रय, भोजन, चिकित्सा सहायता एवं अन्य आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। राज्यपाल ने राहत कार्यों की समीक्षा भी की और प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि सहायता कार्यों में किसी प्रकार की ढिलाई न हो। उन्होंने जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन दलों और स्थानीय स्वयंसेवकों के तत्पर और निरंतर प्रयासों की सराहना की।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता ने हमेशा हर संकट का साहस और धैर्य के साथ सामना किया है। प्रशासन पूरी तत्परता और समर्पण के साथ राहत कार्यों में जुटा है और स्थिति को सामान्य बनाने का प्रयास कर रहा है। मंडी के उपायुक्त अपूर्व देवगन ने राज्यपाल को जिले में चल रहे राहत और पुनर्वास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। राज्यपाल ने पंचायत भवन का दौरा भी किया, जहां प्रभावित परिवारों के ठहरने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने वहां मौजूद लोगों से संवाद किया और उन्हें हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।

इससे पूर्व राज्यपाल ने पड्डल स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा गुरु गोबिंद सिंह जी में उस शोकाकुल परिवार से भेंट की, जिसने इस आपदा में अपने तीन परिजन खो दिए। राज्यपाल ने उन्हें सांत्वना दी और शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की।