हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में आज मंगलवार सुबह गांव ज्योतिसर के पास सतलुज यमुना लिंक (SYL) नहर में एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार नहर में जा गिरी। हादसे में कार सवार एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद युवक नहर के तेज बहाव में बह गया। युवक की तलाश के लिए पुलिस और गोताखोरों द्वारा सर्च ऑपरेशन जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब 11 बजे एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार ज्योतिसर पुल की ओर से नहर की पटरी की तरफ बढ़ी। अचानक कार की रफ्तार तेज हो गई और देखते ही देखते कार नहर में गिरी और सीधे पानी में समा गई। हादसे के वक्त कार में एक युवक और एक युवती सवार थे। शीशा टूटते ही युवक बहा, युवती कार में फंसी रही
घटना होते ही आसपास मौजूद लोग शोर मचाते हुए बचाव के लिए दौड़े। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि नहर में गिरते ही कार का शीशा टूट गया, जिससे युवक बाहर निकल आया, लेकिन पानी का बहाव इतना तेज था कि वह देखते ही देखते दूर बह गया। दूसरी ओर युवती कार के अंदर ही फंस गई और बाहर नहीं निकल सकी। मृतका की शिनाख्त आरूषी निवासी शास्त्री कॉलोनी के रूप में हुई है। जबकि युवक वरूण सिंगला(22) भी इसी कॉलोनी का रहने वाला है। युवक अपने दोस्त की शादी के लिए शॉपिंग करने की बात कहकर घर से निकला था। गोताखोरों और हाइड्रा की मदद से चला रेस्क्यू ऑपरेशन
सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंच गई। काफी मशक्कत के बाद हाइड्रा मशीन की मदद से कार को नहर से बाहर निकाला गया। जब कार बाहर निकाली गई, तब तक युवती की मौत हो चुकी थी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। शादी की तैयारी में निकला था युवक, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मौके पर पहुंचे स्वजनों ने बताया कि युवक सुबह घर से यह कहकर निकला था कि वह शादी के लिए कपड़े खरीदने जा रहा है। इसके बाद से करीब एक घंटे तक परिवार का उससे संपर्क नहीं हो पाया। बाद में पुलिस द्वारा हादसे की सूचना दी गई। युवक की तलाश जारी, शिनाख्त की प्रक्रिया शुरू
पुलिस चौकी इंचार्ज संदीप सिंह ने बताया कि कार को नहर से बाहर निकाल लिया गया है और युवक की तलाश के लिए नहर में सर्च ऑपरेशन जारी है। युवती के शव की शिनाख्त उसके स्वजनों से करवाई जा रही है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और नियंत्रण खोना माना जा रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।
कुरुक्षेत्र में SYL नहर में गिरी कार:युवती की मौत, युवक लापता; एक ही कॉलोनी के रहने वाले
