करनाल में शादी के दबाव में युवती की हत्या:डेढ़ महीने पहले हुई थी फ्रेंडशिप, गला घोंटकर मारा; जिम में छोड़ा शव

Spread the love

करनाल जिले में घरौंडा की तकिया मार्किट में मिली युवती की हत्या के मामले में पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को एक दिन के पुलिस रिमांड के बाद कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि युवती से उसकी करीब डेढ़ महीने से दोस्ती थी और वह उस पर शादी का दबाव बना रही थी। इसी डर से उसने उसका गला घोंटकर हत्या कर दी। एक दिन के रिमांड के बाद कोर्ट में पेश पुलिस के अनुसार आरोपी सागर को शनिवार को घरौंडा से गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के बाद उसे कोर्ट में पेश कर एक दिन का पुलिस रिमांड लिया गया। रिमांड के दौरान पुलिस ने आरोपी से घटना के कारणों और घटनास्थल से जुड़े पहलुओं को लेकर पूछताछ की। रिमांड पूरा होने के बाद सोमवार को आरोपी को सरकारी अस्पताल में मेडिकल जांच के लिए ले जाया गया। मेडिकल के बाद पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से कोर्ट ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया। रिमांड में हत्या का कारण बताया पूछताछ के दौरान आरोपी सागर ने पुलिस को बताया कि उसकी और युवती पूनम की करीब डेढ़ महीने पहले दोस्ती हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ गई थी। आरोपी के अनुसार युवती उस पर शादी करने का दबाव डाल रही थी। उसे डर था कि यदि उसने शादी से मना किया, तो युवती उसे किसी मामले में फंसा सकती है। इसी डर के कारण उसने युवती की चुन्नी से गला घोंटकर हत्या कर दी। आरोपी ने पुलिस को बताया कि युवती खुद उससे मिलने के लिए आई थी। हालांकि पुलिस इस दावे की पुष्टि करने के लिए दोनों की कॉल डिटेल निकलवाएगी, ताकि यह साफ हो सके कि युवती खुद वहां आई थी या आरोपी ने उसे बुलाया था। 6 मार्च को जिम में मिला था शव मामले की शुरुआत 6 मार्च को हुई थी, जब घरौंडा की तकिया मार्किट में एक खाली जिम की पहली मंजिल पर युवती का शव मिला था। मृतका की पहचान घरौंडा की 22 वर्षीय पूनम के रूप में हुई थी। पूनम के पिता सुखबीर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी बेटी की शादी करीब दो साल पहले हुई थी। घरेलू विवाद के चलते पंचायत में दोनों पक्षों के बीच फैसला हुआ था, जिसके बाद पूनम अपने मायके में ही रह रही थी। सुखबीर सिंह के अनुसार 6 मार्च को वह रोजाना की तरह फेरी लगाने गया था। शाम करीब 5 बजे जब वह घर लौटा, तो उसकी बेटी घर पर नहीं मिली। आसपास तलाश करने के बाद किसी व्यक्ति ने बताया कि उसकी बेटी तकिया मार्किट में जोनी सरदार की दुकान के ऊपर पड़ी हुई है। यह सुनकर वह परिवार के अन्य सदस्यों के साथ तुरंत मौके पर पहुंचा। जिम की पहली मंजिल पर पड़ा मिला था शव परिजनों के अनुसार जब वे तकिया मार्किट में जोनी सरदार की दुकान की पहली मंजिल पर पहुंचे, तो वहां पूनम का शव पड़ा हुआ मिला। पिता ने आरोप लगाया कि कस्बा पुरकाजी, जिला मुजफ्फरनगर उत्तर प्रदेश के सागर, जो इस समय घरौंडा में चुंगी सिंह के मकान में रह रहा ने उसकी बेटी की चुन्नी से गला घोंटकर हत्या की है। पिता ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को दो लड़कियां बुलाकर अपने साथ ले गई थी। उनका कहना है कि वे लड़कियां ठीक नहीं हैं और उनकी बेटी की सागर से कोई दोस्ती नहीं थी। उन्होंने आशंका जताई कि घटना में सागर के साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल हो सकता है। परिजनों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। घटनास्थल से रस्सी के टुकड़े और 50 रुपए का नोट मिला घटना की सूचना मिलने पर मधुबन से क्राइम सीन टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। जांच के दौरान वहां से रस्सी के चार टुकड़े और 50 रुपए का एक नोट बरामद हुआ। पुलिस ने रस्सी के टुकड़ों को कब्जे में लेकर जांच के लिए सुरक्षित रख लिया। मामले के जांच अधिकारी विपिन ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार करते हुए कारण भी बताया है। हालांकि पुलिस अभी कई पहलुओं पर जांच कर रही है। जिन दो लड़कियों के नामों का जिक्र परिजन कर रहे हैं, उनके संबंध में भी जांच की जा रही है। साथ ही कॉल डिटेल के आधार पर यह भी स्पष्ट किया जाएगा कि युवती खुद मिलने आई थी या उसे बुलाया गया था।