फरीदाबाद में चलती ट्रेन में बच्ची को जन्म दिया:जम्मू-कश्मीर से मध्य प्रदेश जा रहा था दंपत्ति, सीटों पर पर्दा लगाकर हुई डिलवरी

Spread the love

फरीदाबाद और तुगलकाबाद रेलवे स्टेशन के बीच एक चलती ट्रेन में उस वक्त अनोखा नजारा देखने को मिला, जब गर्भवती महिला को अचानक लेबर पेन शुरू हो गया। हालात ऐसे बने कि ट्रेन के एस-5 कोच में ही महिला ने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दे दिया। जबलपुर एक्सप्रेस में बेटी को जन्म दिया घटना जम्मू-कश्मीर से मध्यप्रदेश जा रही श्री माता वैष्णो देवी कटरा 11450 जबलपुर एक्सप्रेस की है। शुक्रवार को जैसे ही ट्रेन दिल्ली से आगे बढ़ी, महिला को तेज दर्द उठा। कोच में मौजूद महिलाओं ने सूझबूझ दिखाते हुए सीटों पर पर्दा लगाकर तत्काल डिलिवरी कराई। कुछ ही देर में महिला ने बेटी को जन्म दिया। महिला का नाम अभिलाषा है जो 8 महीने की गर्भवती थी। जबकि पति का नाम जवाहर लाल है और वह मध्यप्रदेश में पन्ना जिला के गांव सिटौली के रहने वाले है। फिलहाल में वह जम्मू कश्मीर में मजदूरी करते हैं। 26 मिनट तक ट्रेन को रोका गया रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि,सूचना मिलते ही रेलवे हरकत में आया। किसी यात्री ने रेलवे कंट्रोल रूम नंबर 139 पर कॉल कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद ट्रेन को ओल्ड फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पर रोका गया। रेलवे मेडिकल स्टाफ की महिला ने मौके पर ही मां और बेटी के नाड़े को काटकर सुरक्षित अलग किया। आरपीएफ और जीआरपी महिला पुलिसकर्मियों की मदद से दोनों को एंबुलेंस के जरिए बीके अस्पताल पहुंचाया गया। जहां पर महिला और नवजात दोनों पूरी तरह सुरक्षित हैं।ताकि जरूरी मेडिकल प्रक्रिया पूरी की जा सके। पति जम्मू-कश्मीर मजदूर बताया जा रहा है कि महिला अपने पति के साथ सफर कर रही थी। पति जम्मू-कश्मीर में मजदूरी करता है और डिलिवरी के लिए पत्नी को गांव ले जा रहा था। हालांकि, नियति को कुछ और ही मंजूर था और बेटी का जन्म सफर के दौरान ही हो गया।