दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (DHBVN) ने पंजीकृत गौशालाओं को दी जाने वाली रियायती बिजली दरों को लेकर नया सेल्स सर्कुलर नंबर डी-01/2026 जारी किया है। यह सर्कुलर मुख्यमंत्री घोषणा कोड संख्या 27860 के तहत जारी किया गया है। जिसके अनुसार एक ही पंजीकरण संख्या वाली अलग-अलग स्थानों पर स्थित गौशालाओं को अलग-अलग बिजली कनेक्शन दिए जा सकेंगे। प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह के निर्देशानुसार जारी निर्देशों के अनुसार अब हरियाणा गौ सेवा आयोग में पंजीकृत गौशालाओं को 2 रुपए प्रति यूनिट की दर से बिजली आपूर्ति दी जाएगी। शेष राशि राज्य सरकार से सब्सिडी के रूप में दावा की जाएगी। यह सब्सिडी केवल मीटर आधारित वास्तविक बिजली खपत पर ही देय होगी। इस संबंध में वर्ष 2021 में जारी सेल्स सर्कुलर नंबर डी-06/2021 को निरस्त कर दिया गया है। DHBVN के सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इन निर्देशों का सख्ती से और सावधानीपूर्वक पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। गौ सेवा आयोग से पंजीकरण जरूरी
विक्रम सिंह ने स्पष्ट किया है कि रियायती टैरिफ का लाभ केवल उन्हीं गौशालाओं को मिलेगा, जो हरियाणा गौ सेवा आयोग में विधिवत पंजीकृत होंगी। पंजीकरण की पुष्टि संबंधित एसडीओ (ऑपरेशन) द्वारा ई-मेल अथवा पत्र के माध्यम से की जाएगी। सभी कनेक्शन मीटर आधारित होंगे और गोशाला के अतिरिक्त किसी अन्य उद्देश्य के लिए प्रयुक्त बिजली पर यह रियायती दर लागू नहीं होगी। बिजली दरें टैक्स से अलग होंगी बिजली निगम द्वारा नए टैरिफ में यह भी स्पष्ट किया गया है कि दरें बिजली शुल्क, नगर कर, पंचायत टैक्स और एफपीपीएएस से अलग होंगी। साथ ही, बिलिंग सॉफ्टवेयर में प्रत्येक बिलिंग चक्र में सब्सिडी राशि को अलग से दर्शाने की व्यवस्था की जाएगी। DHBVN ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि एक ही पंजीकरण संख्या की कई गोशालाएं अलग-अलग स्थानों पर स्थित हैं, तो हरियाणा गौ सेवा आयोग की अनुमति एवं विवरण के आधार पर उन्हें अलग-अलग रियायती बिजली कनेक्शन प्रदान किए जाएंगे। अब यहां पढ़िए इस साल सरकार गौशालाओं के लिए क्या कर रही है… 1. ई-रिक्शा देने की तैयारी: हरियाणा में पंजीकृत 1000 तक पशुओं वाली सभी गौशालाओं को एक-एक और 1000 से अधिक पशुओं वाली गौशालाओं को 2-2 ई-रिक्शा देने का निर्णय लिया है। हरियाणा गोसेवा आयोग द्वारा ई-रिक्शा का प्रबंध किया जाएगा। 2. गौशालाओं में बन रहे 51 नए शेड: इसके अलावा हरियाणा सरकार ने सूबे की पंजीकृत गौशालाओं में 51 नए शेड बनाने के लिए 5 करोड़ रुपए का अनुदान देने का निर्णय लिया है। इसकी प्रक्रिया शुरू हो गई है, जल्द ही इसका काम पूरा हो जाएगा। 3. 3 नए गौ अभ्यारण्य बनेंगे: हरियाणा की सड़कों को गोवंश मुक्त करने और बेसहारा गोवंश के आश्रय के लिए राज्य के हर जिले में एक-एक गौ अभ्यारण्य स्थापित किए जाएंगे। प्रदेश में अभी तक ऐसे 3 गौ अभ्यारण्य चल रहे हैं।
हरियाणा में गौशालाओं को मिलेगी 2 रुपए यूनिट बिजली:DHBVN ने जारी किया नया रियायती टैरिफ, गौ सेवा आयोग से रजिस्ट्रेशन जरूरी
