गुरुग्राम में नशे की पूर्ति के लिए बनाया गैंग:मेवात से आकर करते थे बाइक चोरी; पार्ट बेचकर खरीदते पुड़िया, दो अरेस्ट

Spread the love

गुरुग्राम में पॉश इलाकों से बाइक चोरी करने वाले एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश हुआ है, जिसके सदस्य नशे की लत को पूरा करने के लिए चंद मिनट में बाइक चोरी कर लेते हैं। सिकंदरपुर क्राइम ब्रांच ने दो आरोपियों को अरेस्ट किया है। जो मेवात से गुरुग्राम आकर बाइक चोरी करते और फिर उनके पार्ट बेचकर जो पैसे मिलते, उनसे नशे की पुडिया खरीदते थे। आरोपियों की पहचान मौसिम (23 वर्ष) , निवासी ताड़ी वाली मस्जिद, जिला नूंह और शाहिद निवासी तिजारा, जिला अलवर, राजस्थान के रूप में हुई। मौसिम को पुलिस ने महरौली रोड से गिरफ्तार किया। जिससे पूछताछ के बाद शाहिद को पुलिस राजस्थान से पकड़कर लाई। पॉश इलाकों में करते थे चोरी आरोपी पॉश इलाकों में खड़ी बाइक को ज्यादा निशाना बनाते थे, क्योंकि वहां ज्यादा चहल पहल नहीं होती और बाइक चोरी करके भागना आसान होता है। 26 दिसंबर 2025 को सेक्टर-43 के एक व्यक्ति ने थाना सुशांत लोक में शिकायत दर्ज कराई कि उनकी बाइक किसी अज्ञात व्यक्ति ने चुरा ली। पुलिस कमिश्नरेट में रोजाना पांच से छह बाइक चोरी होती हैं। 100 से ज्यादा सीसीटीवी और मोबाइल लोकेशन मैच की पुलिस टीम ने तकनीकी निगरानी के आधार पर दोनों आरोपियों को पकड़ा है। पॉश इलाकों में लगातार बाइक चोरी होने की शिकायत पर अपराध शाखा सिकंदरपुर की टीम को जांच सौंपी। क्राइम ब्रांच की टीम ने तकनीकी आधार पर मोबाइल लोकेशन मैच की, तो 100 से ज्यादा जगहों पर सीसीटीवी खंगाले। गुरुग्राम में 4 वारदातें अंजाम दीं पुलिस ने पुख्ता क्लू मिलने पर मौसिम को महरौली रोड से गिरफ्तार कर लिया। रिमांड के दौरान उसने बता दिया कि शाहिद भी उसके गैंग में शामिल है। पुलिस ने कादरपुर से शाहिद को भी पकड़ लिया। दोनों ने पूछताछ में कबूल किया कि वे आदतन नशा करने वाले हैं। नशे का खर्च चलाने के लिए उन्होंने गुरुग्राम में कम से कम 4 वारदातें अंजाम दीं हैं। एकांत में खड़ी बाइक को बनाते हैं निशाना आरोपियों ने बताया कि वे रात के समय एकांत में खड़ी बाइक की रेकी करते थे। मौका मिलते ही चोरी कर लेते और आसानी से बेचकर नशे के पैसे जुटाते। वारदात में इस्तेमाल होने वाला एक ऑटो रिक्शा भी उनके कब्जे से बरामद हुआ, जिसका इस्तेमाल चोरी की बाइक को छिपाने या ट्रांसपोर्ट करने में होता था। पुलिस ने कुल 4 चोरी हुई बाइक जब्त कीं हैं। जिनकी कीमत लाखों में बताई जा रही है। नशा छुड़वाने के लिए पुलिस करेगी मदद पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने आम नागरिकों से अपील की है कि बाइक पार्क करते समय डिस्क लॉक, चेन लॉक और अलार्म का इस्तेमाल करें। संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तुरंत 112 पर कॉल करें। नशे की लत से जूझ रहे लोगों के लिए पुलिस और सामाजिक संगठन मदद के लिए तैयार हैं। समय रहते मदद लें, अपराध का रास्ता छोड़ें।