नवरात्र के समापन के साथ ही आज देवी दुर्गा की विदाई होगी। पटना के विभिन्न पंडालों में विराजमान मां की प्रतिमा का आज से विसर्जन होगा। दुर्गा पूजा के अवसर पर मूर्ति विसर्जन के दौरान गंगा की स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए शहर के अलग-अलग घाटों पर कुल 8 आर्टिफिशियल तालाब बनाए गए हैं। मूर्ति विसर्जन के साथ ही पूजन सामग्री भी इसी आर्टिफिशियल तालाब में डाले जाएंगे। वहीं, सभी अंचलों में क्विक रिस्पांस (QRT) टीम बनाई गई है, जो यह देखेगी कि शहर में कहीं भी सफाई संबंधी समस्या न हो। त्योहारों के दौरान भी शहर को साफ-सुथरा रखना है- नगर आयुक्त नगर आयुक्त अनिमेष कुमार पराशर ने कहा है कि, निगम का लक्ष्य नदी में प्रदूषण को रोकना और त्योहारों के दौरान भी शहर को साफ-सुथरा रखना है। इसके लिए सभी पदाधिकारियों को लगाया जाएगा। किसी भी तरह की शिकायत आने पर उसका तुरंत समाधान होगा। नगर निगम पूजा समितियों और आम लोगों को आर्टिफिशियल तालाबों में मूर्ति विसर्जन और पूजन सामग्री डालने के लिए जागरूक कर रहा है। दुर्गा पूजा के लिए आर्टिफिशियल तालाब पाटलिपुत्र अंचल: दीघा घाट, पाटीपुल घाट पटना सिटी अंचल: कंगन घाट, किला घाट, दमराही घाट अजीमाबाद अंचल: भद्र घाट (पूर्वी, पश्चिमी), चित्रगुप्त तालाब, गाय घाट अन्य जगह विसर्जन पर लगेगा जुर्माना पटना नगर निगम द्वारा निर्धारित स्थलों के अलावा कहीं भी विसर्जन करने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी और जुर्माना भी लगाया जाएगा। निगम की ओर से सभी नागरिकों और पूजा समितियों को जागरूक किया जाएगा कि वे मूर्ति विसर्जन और पूजा सामग्री का विसर्जन इन्हीं निर्धारित आर्टिफिशियल तालाबों में करें। इस अभियान को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए नगर निगम की विशेष जागरूकता टीमें भी इन घाटों पर तैनात रहेंगी। यह टीमें लोगों को प्लास्टिक रैपर, पॉलीथिन और अन्य सामग्री के उपयोग न करने के लिए प्रेरित करेंगी।
आज से देवी दुर्गा की प्रतिमाओं का होगा विसर्जन:शहर में बनाए गए 8 घाटों पर आर्टिफिशियल तालाब, सभी अंचलों में बनाई गई QRT टीम
